100 दिवसीय ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान शुरू: जेपी नड्डा, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (25/03/2026): विश्व क्षय रोग दिवस-2026 के अवसर पर 24 मार्च 2026 को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्य अतिथि के रूप में “100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान” का शुभारंभ किया। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे, जहां टीबी उन्मूलन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि पिछले एक दशक में देश में टीबी उन्मूलन की दिशा में बड़े स्तर पर सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान जनभागीदारी, तकनीकी नवाचार और सरकार की समग्र रणनीति पर आधारित है, जिसमें विभिन्न मंत्रालयों और समाज के सभी वर्गों को जोड़ा गया है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक, केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

जेपी नड्डा ने बताया कि वर्ष 2014 में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम का बजट 607 करोड़ रुपये था, जिसे बढ़ाकर वर्तमान में 6,365 करोड़ रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद टीबी अनुसंधान के क्षेत्र में दुनिया का सबसे बड़ा वित्तपोषित संगठन बन चुका है।
उन्होंने टीबी की पहचान और उपचार में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले बीमारी का पता लगाने में काफी समय लगता था, जबकि अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित एक्स-रे मशीनों के माध्यम से संभावित मरीजों की तेजी से पहचान की जा रही है। साथ ही नई परीक्षण तकनीकों के जरिए एक साथ कई सैंपलों की जांच संभव हो गई है।
उन्होंने बताया कि पहले टीबी का इलाज 9 महीने तक चलता था, जिसे घटाकर अब 6 महीने कर दिया गया है। इसके अलावा ‘निक्षय पोषण अभियान’ के तहत मरीजों को आर्थिक सहायता और पोषण सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इस योजना के अंतर्गत अब तक 4,590 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं और 1 करोड़ 39 लाख से अधिक मरीज लाभान्वित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि देशभर में 7.16 लाख से अधिक ‘निक्षय मित्र’ इस अभियान से जुड़े हैं, जो मरीजों को पोषण सहायता देने के साथ-साथ उनका मनोबल भी बढ़ा रहे हैं। ‘माय भारत’ के स्वयंसेवक भी मरीजों की काउंसलिंग और सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जेपी नड्डा ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ पंचायत स्तर तक जनप्रतिनिधियों को इस अभियान से जोड़ा गया है। सांसदों और विधायकों के लिए कार्यशालाएं आयोजित की गई हैं, ताकि टीबी उन्मूलन के प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उपलब्ध आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि देश में टीबी से होने वाली मृत्यु दर में 25 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि उपचार की सफलता दर 92 प्रतिशत तक पहुंच गई है। टीबी के मामलों में 21 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है, जो वैश्विक औसत से दोगुनी है। वहीं, अघोषित मामलों की संख्या 10 लाख से घटकर लगभग 1 लाख रह गई है।

उन्होंने कहा कि अगले 100 दिनों की रणनीति के तहत 1,58,000 गांवों और शहरी वार्डों को कवर किया जाएगा, जहां टीबी के प्रति अधिक संवेदनशील आबादी निवास करती है। इस अभियान में राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विभिन्न राज्यों के स्वास्थ्य मंत्री डिजिटल माध्यम से भी जुड़े हुए हैं।
100 दिवसीय ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ देश में टीबी उन्मूलन की दिशा में एक निर्णायक और व्यापक पहल के रूप में उभरकर सामने आया है। बजट में उल्लेखनीय वृद्धि, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग, बेहतर उपचार व्यवस्था और जनभागीदारी के माध्यम से इस अभियान को नई गति मिली है। आने वाले 100 दिनों की यह रणनीति न केवल टीबी के मामलों को कम करने में सहायक होगी, बल्कि देश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य के और करीब भी ले जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।