दिल्ली चुनाव में सीएम योगी की एंट्री, केजरीवाल को मंच से ललकारा!

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (23 जनवरी 2025): दिल्ली में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं, और सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), आम आदमी पार्टी (AAP), और कांग्रेस के बीच घमासान जारी है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली चुनाव प्रचार में प्रवेश किया और किराड़ी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बजरंग शुक्ला के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने दिल्लीवासियों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

यमुना जी को नाले में बदल दिया

योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली की आप सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा-यमुना की अविरल धारा का उदाहरण देते हुए दिल्ली में यमुना नदी की बदहाल स्थिति पर सवाल उठाया। योगी ने कहा कि दिल्ली में यमुना की हालत गंदे नाले से भी बदतर हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को भी जर्जर कर दिया है और राजधानी में कूड़े के बड़े-बड़े पहाड़ खड़े कर दिए हैं।

केजरीवाल को दिया बड़ा चैलेंज

सीएम योगी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी गंगा में स्नान कर सकते हैं, तो क्या आम आदमी पार्टी के नेता यमुना में स्नान करने की हिम्मत रखते हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार झूठे वादे और दावों के जरिए जनता को भ्रमित कर रही है।

इनका काम सिर्फ झूठ फैलाना

योगी आदित्यनाथ ने आप सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इस पार्टी ने राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में बांग्लादेशी और रोहिंग्या शरणार्थियों को बसाने का काम किया है। योगी ने कहा कि AAP सरकार का उद्देश्य जनता को सुविधाएँ देना नहीं, बल्कि झूठ फैलाकर जनता को गुमराह करना है।

ओखला में दंगाई बसाए, नहीं लगाए उद्योग

सीएम योगी ने ओखला क्षेत्र में विकास के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल ने ओखला में उद्योग लगाने के बजाय दंगाइयों को बसाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आप के नेता केवल सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए जनता को गुमराह कर रहे हैं। योगी ने भाजपा के विकास मॉडल को दिल्ली के लिए बेहतर बताते हुए जनता से भाजपा को समर्थन देने की अपील की।

दिल्ली में आगामी चुनाव को लेकर माहौल गर्म हो चुका है, और ऐसे में भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला लगातार तेज़ हो रहा है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।