दिल्ली MCD में 2,000 सफाई कर्मचारियों की होगी भर्ती, 35 साल बाद मिलेगा मौका

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (16 November 2026): दिल्ली नगर निगम (MCD) में सफाई कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए 2,000 नए कर्मचारियों की भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। करीब 35 साल बाद होने जा रही इस सीधी भर्ती से लंबे समय से नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं को मौका मिलने की उम्मीद है। निगम इन कर्मचारियों को नियमित दैनिक वेतनभोगी (रेगुलर डेलीवेज) के आधार पर नियुक्त करेगा। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद जरूरत के अनुसार कर्मचारियों को एमसीडी के सभी 12 जोनों में तैनात किया जाएगा। इससे दिल्ली के उन इलाकों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी, जहां लंबे समय से कर्मचारियों की कमी बनी हुई है।

एमसीडी के डेम्स विभाग के मुताबिक, वर्ष 1989 में सफाई कर्मचारियों को सब्स्टीट्यूट के रूप में रखने की व्यवस्था शुरू हुई थी। इसके बाद 1997 में इसी आधार पर भर्ती की गई थी, लेकिन उसके बाद से अब तक सीधी भर्ती नहीं हुई। अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 1991 की जनगणना के समय दिल्ली की आबादी करीब 94.21 लाख थी और सफाई कर्मचारियों की संख्या लगभग 40 हजार थी। वर्तमान में दिल्ली की आबादी 2.5 से 3 करोड़ के बीच पहुंचने का अनुमान है, जबकि सफाई कर्मचारियों की संख्या करीब 65 हजार है। आबादी में हुई बढ़ोतरी के मुकाबले सफाई कर्मचारियों की संख्या पर्याप्त नहीं होने के कारण निगम को नए कर्मचारियों की जरूरत महसूस हो रही है।

मेयर प्रवेश वाही ने बताया कि 2,000 सफाई कर्मचारियों की भर्ती की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इससे उन वार्डों में कर्मचारियों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी, जहां लंबे समय से सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वहीं, डेम्स कमेटी के चेयरमैन संदीप कपूर के मुताबिक, भर्ती होने वाले कर्मचारियों को दिल्ली सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन दिया जाएगा। भर्ती के नियम और शैक्षणिक योग्यता समेत अन्य जरूरी शर्तें तय करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि इस भर्ती में वाल्मीकि समाज के बेरोजगार युवाओं को शामिल किया जाएगा, जिससे उन्हें रोजगार का अवसर मिल सकेगा।

गौरतलब है कि एमसीडी ने शुरुआत में 2,000 सफाई कर्मचारियों को ठेके पर रखने का फैसला किया था, लेकिन सफाई कर्मचारी यूनियनों के विरोध के बाद इस निर्णय को वापस लेना पड़ा। इसके बाद निगम ने नियमित दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की नियुक्ति का रास्ता चुना। अब भर्ती के नियम और प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है। हालांकि, अभी आवेदन की तारीख, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं को निगम की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।