ITS डेंटल कॉलेज में “नो स्मोकिंग डे” पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
“नो स्मोकिंग डे” के अवसर पर आईटीएस डेंटल कॉलेज द्वारा तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा तंबाकू-मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत कॉलेज परिसर में तंबाकू निषेध (Tobacco Cessation) बूथ स्थापित किया गया, जहां लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए निःशुल्क परामर्श (काउंसलिंग) प्रदान की गई। इसके साथ ही मरीजों, छात्रों और आम नागरिकों के बीच तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए।
जनजागरूकता बढ़ाने के लिए छात्रों द्वारा तंबाकू निषेध विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इस नाटक के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाले शारीरिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों को सशक्त रूप से दर्शाया गया।
इस अवसर पर एक प्रतिज्ञा समारोह (Pledge Taking Ceremony) भी आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित छात्रों, शिक्षकों और अन्य लोगों ने तंबाकू का सेवन न करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। साथ ही तंबाकू के खिलाफ समर्थन व्यक्त करने के लिए एक हस्ताक्षर अभियान (Signature Campaign) भी चलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सचित आनंद अरोड़ा ने तंबाकू से बचाव और इसे छोड़ने के लिए प्रभावी कॉपिंग स्ट्रेटेजीज़ पर एक उपयोगी सत्र लिया। वहीं डॉ. विक्रम अरोड़ा ने तंबाकू के गंभीर दुष्प्रभावों तथा इसके नियंत्रण में स्वास्थ्य पेशेवरों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तृत व्याख्यान दिया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में छात्रों, संकाय सदस्यों और मरीजों की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने मिलकर तंबाकू-मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
टिप्पणियाँ बंद हैं।