मां से शुरू होती है जीवन की पहली क्विज़, हर दिन कुछ नया सिखाता है: क्विज मास्टर अनिंदिता | Ten Talks
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (12/03/2026): अग्रणी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म “टेन न्यूज़ नेटवर्क” द्वारा जनहित और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों को सकारात्मक और निष्पक्ष रूप से सामने लाने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार, 10 मार्च को दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में गलगोटियास यूनिवर्सिटी के सहयोग से एक विशेष ज्ञानवर्धक टॉक शो “टेन टॉक्स” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राजनीति, शिक्षा, कानून, समाज सेवा और अध्यात्म जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने हिस्सा लेकर अपने अनुभव और विचार साझा किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद पी. संतोष कुमार, अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद और राज्यसभा सांसद पी. विल्सन उपस्थित रहे। सभी मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंच से देश के विकास, लोकतांत्रिक मूल्यों और समाज में सकारात्मक योगदान देने वाले विभिन्न क्षेत्रों की भूमिका पर व्यापक चर्चा की गई।
नई पीढ़ी के बीच ज्ञान और जिज्ञासा की संस्कृति पर बात करते हुए क्विज मास्टर अनिंदिता ने जीवन भर सीखते रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने परिवार में भी सीखने की यही परंपरा देखी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने दादाजी को स्मार्टफोन चलाना सीखते हुए देखा है और अपने 87 वर्षीय नानाजी को माइक्रोवेव ओवन चलाना सिखाया है, जबकि उनके समय में ये तकनीक मौजूद नहीं थी। ऐसे माहौल में पली-बढ़ी होने के कारण उन्होंने खुद को जीवन भर सीखने वाली बताया।

अनिंदिता ने कहा कि अभिनेता आशीष विद्यार्थी ने अपने नाम के साथ “विद्यार्थी” इसलिए जोड़ा क्योंकि वह स्वयं को जीवन भर का विद्यार्थी मानते हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि वह भी खुद को जीवन भर सीखने वाली मानती हैं और किसी दिन अगर उनके नाम के साथ “विद्यार्थी” जुड़ जाए तो उन्हें इसमें कोई समस्या नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि सीखने की प्रक्रिया किसी एक उम्र या पद तक सीमित नहीं होती। हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में शिक्षक बन सकता है। उन्होंने एक अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने नर्सरी और केजी के बच्चों के लिए एक क्विज़ आयोजित किया था, जो उनके जीवन का पहला क्विज़ था। उसी दौरान एक तीन साल का बच्चा उनके पास आया और उसने पूछा कि क्या उन्हें पता है कि मोज़िला फ़ायरफ़ॉक्स का “फॉक्स” असल में लोमड़ी नहीं होता। जब उन्होंने इसके बारे में पूछा तो बच्चे ने बताया कि वह रेड पांडा होता है। इस घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस दिन उन्होंने एक तीन साल के बच्चे से यह सीखा कि पांडा सिर्फ काले और सफेद नहीं होते, बल्कि लाल रंग के भी होते हैं और मोज़िला फ़ायरफ़ॉक्स का प्रतीक वास्तव में रेड पांडा से जुड़ा है। उस दिन वह तीन साल का बच्चा उनका शिक्षक बन गया।
उन्होंने आगे कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में सबसे पहला और महत्वपूर्ण क्विज़ मास्टर उसकी माँ होती है। उन्होंने बताया कि क्विज़ मास्टर का काम सवाल पूछना होता है और जीवन की शुरुआत से ही माँ बच्चों से सवाल पूछती रहती हैं। घर आने पर सबसे पहला सवाल अक्सर यही होता है कि खाना खाया या नहीं और दिन कैसा रहा। उन्होंने बताया कि उनकी शादी को पांच साल हो चुके हैं, लेकिन उनकी माँ आज भी रोज़ शाम को फोन करके पूछती हैं कि उन्होंने दोपहर का खाना खाया या नहीं।
उन्होंने कहा कि इसके बाद जीवन में पिता भी उसी तरह सवाल पूछते हैं। दिन भर काम से थके होने के बावजूद रात में बच्चों से यह पूछना कि सब ठीक है या नहीं, पढ़ाई कैसी चल रही है या दिन कैसा रहा, यह भी एक तरह का संवाद और सीखने की प्रक्रिया होती है।
उन्होंने कहा कि इसके बाद दोस्त भी इसी तरह सवाल पूछते हैं, जिंदगी में क्या चल रहा है, सब ठीक है या नहीं। उनके अनुसार यही सवाल-जवाब का सिलसिला जीवन को सीखने और समझने की एक निरंतर प्रक्रिया बनाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह देखा जाए तो हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में क्विज़र होता है और हर दिन जीवन एक नए सवाल और नए जवाब के साथ आगे बढ़ता है।

इस विशेष कार्यक्रम में प्रोफेसर रूबी मिश्रा (प्राचार्य, भगिनी निवेदिता कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय), एडवोकेट डॉ. ए.पी. सिंह (वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय), डॉ. आदिश सी अग्रवाला (वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय), डॉ. खुशबू सिंह (हस्तशिल्प निर्यातक एवं निदेशक, आर्य फैशन), आनंदिता बासु (क्विज मास्टर), सुश्री रुचिका आर. शर्मा (प्रसिद्ध ज्योतिषी), डॉ. प्रो. वंदना शर्मा ‘दिया'(प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं अद्वैत वेदांत दर्शन की विद्वान), प्रोफेसर सविता झा (प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं सामाजिक कार्यकर्ता), ज्योतिष रत्न गुरुजी गौतम ऋषि (संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान), मेजर डॉ. प्राची गर्ग (एमसी एवं कारगिल योद्धा), पुरुषोत्तम बिहारी (चिंतक व लेखक) तथा आलोक द्विवेदी (वरिष्ठ पत्रकार एवं अध्यक्ष, नोएडा मीडिया क्लब) सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में प्राप्त अनुभवों, संघर्षों और सफलता की प्रेरक यात्राओं को साझा किया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा, कानून, मीडिया, संस्कृति और अध्यात्म जैसे विभिन्न क्षेत्र किस प्रकार विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।