गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सशक्तिकरण और समानता पर हुआ व्यापक विचार-विमर्श

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (12/03/2026): अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय द्वारा 11 मार्च को “महिला सशक्तिकरण, समानता एवं सामाजिक सद्भाव” विषय पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज में महिलाओं की भूमिका, उनके अधिकारों तथा सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम में सदरग संस्था की संस्थापक प्रो. माला भंडारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि गौतम बुद्ध नगर की डीसीपी (साइबर) एवं आईपीएस अधिकारी शैव्या गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने की। आयोजन का समन्वयन मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. माधव गोविन्द सिंह ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि प्रो. माला भंडारी ने महिलाओं के अधिकारों और उनके संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि महिला समानता, सशक्तिकरण और सामाजिक सद्भाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चिंतन का अवसर भी है। उन्होंने महिलाओं से संबंधित विभिन्न कानूनों की जानकारी देते हुए कहा कि आज महिलाएँ केवल विकास की भागीदार ही नहीं, बल्कि नेतृत्व, नीति-निर्माण और सामाजिक परिवर्तन की अग्रणी शक्ति भी बन चुकी हैं।

विशिष्ट अतिथि डीसीपी शैव्या गोयल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान किसी एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर दिन महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए समर्पित होना चाहिए। उन्होंने परिवार और कार्यस्थल दोनों क्षेत्रों में महिलाओं की अहम भूमिका का उल्लेख करते हुए महिलाओं के खिलाफ होने वाले भेदभाव और अपराधों को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है और उनसे समाज को निरंतर प्रेरणा मिलती रही है। उन्होंने प्राचीन भारत की विदुषी महिलाओं गार्गी और मैत्रेयी का उल्लेख करते हुए भारतीय बौद्धिक परंपरा में महिलाओं की महत्वपूर्ण भागीदारी को रेखांकित किया। साथ ही उन्होंने वैज्ञानिक हेनरीएट्टा लैक्स का उदाहरण देते हुए बताया कि उनकी कैंसर कोशिकाओं से विकसित पहली अमर मानव कोशिका रेखा ने चिकित्सा विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोले।

मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. माधव गोविन्द सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को सम्मान देने की परंपरा रही है, लेकिन इसके बावजूद समाज में लैंगिक असमानता आज भी एक गंभीर चुनौती बनी हुई है। उन्होंने कहा कि विभिन्न अध्ययनों में यह तथ्य सामने आया है कि महिलाओं द्वारा किए जाने वाले अवैतनिक घरेलू कार्य की समस्या गंभीर है। उन्होंने कार्यस्थलों पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और नेतृत्व के अवसर प्रदान करने के लिए ठोस नीतिगत और संरचनात्मक बदलाव की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय भाषा एवं साहित्य विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. रेनू यादव ने स्त्री अधिकारों से जुड़े ऐतिहासिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए रोमशा द्वारा रचित एक ऋचा का पाठ किया। इसके साथ ही उन्होंने कवयित्री अनामिका की प्रसिद्ध कविता ‘बेजगह’ का वाचन किया। डॉ. यादव ने अपनी रचनाएँ ‘मुझे चाँद मत कहो’, ‘हृदय विहीन देह’ और ‘रहस्यमयी औरत’ भी प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. ममता रानी और डॉ. सौम्या सिसोदिया ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. बिपाशा सोम ने प्रस्तुत किया। आयोजन समिति में डॉ. राहुल कपूर, डॉ. दिवाकर गरवा, डॉ. ओबैदुल गफ्फार, डॉ. खान मोहम्मद आसिफ, डॉ. सिद्धरामू, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. शिवानी राय, डॉ. ममता कुमारी, डॉ. गीतेश, डॉ. शोभा यादव और डॉ. रिया मौर्या सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. राजीव वार्ष्णेय, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. मनमोहन शिशोदिया, स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी की अधिष्ठाता प्रो. धनश्री तथा महिला छात्रावास की मुख्य अभिरक्षिका डॉ. निधि पाल सिंह सहित विभिन्न संकायों के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सफल बनाया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।