ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति गोल चक्कर पर अंडरपास का ट्रायल शुरू

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida West News (05/11/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति गोल चक्कर पर यातायात को सुगम बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। यहां नवनिर्मित छह लेन के अंडरपास को गुरुवार से तीन दिवसीय ट्रायल के लिए खोल दिया गया है। 700 मीटर लंबे इस अंडरपास से 5, 6 और 7 नवंबर तक वाहन चालक आवागमन कर सकेंगे। करीब 92 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना का औपचारिक उद्घाटन 12 नवंबर को प्रस्तावित है।

ट्रायल की शुरुआत से पहले अंडरपास परिसर में पूजा-पाठ कराया गया। इसके बाद यातायात अधिकारियों की मौजूदगी में वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जीएम एके सिंह ने बताया कि तीन दिनों तक अंडरपास की पूरी व्यवस्था का परीक्षण किया जाएगा। इस दौरान सड़क की स्थिति, यातायात संचालन और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को परखा जाएगा। यदि कहीं कोई खामी सामने आती है तो उद्घाटन से पहले उसे दुरुस्त कराया जाएगा।

इस अंडरपास के चालू होने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की लगभग पांच लाख आबादी को यातायात संबंधी राहत मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर ग्रेटर नोएडा से गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहन चालकों को चार मूर्ति गोल चक्कर पर लगने वाले जाम से काफी हद तक निजात मिल सकती है। वर्ष 2024 में शुरू हुआ इसका निर्माण कार्य अब पूरा हो चुका है और ट्रायल के बाद इसे नियमित आवागमन के लिए शुरू करने की तैयारी है।

यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। ग्रेटर नोएडा से गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहन अंडरपास के भीतर से गुजरेंगे, जबकि नोएडा की तरफ जाने वाले वाहन गोल चक्कर के ऊपर से होकर निकलेंगे। इससे चौराहे पर अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों का दबाव कम करने और यातायात को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

अंडरपास को बेहतर यातायात सुविधा के साथ आकर्षक रूप भी दिया गया है। इसके अंदर सजावटी रोशनी और चित्रकारी कराई गई है। इसके अलावा बारिश के दौरान पानी जमा होने की समस्या से बचाने के लिए जल निकासी के इंतजाम किए गए हैं। तीन दिन के ट्रायल के बाद सामने आने वाले परिणामों के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे। इसके बाद 12 नवंबर को उद्घाटन के साथ परियोजना को आम लोगों के लिए नियमित रूप से शुरू करने की योजना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।