Noida News (25/02/2026): नोएडा के सेक्टर-56 स्थित उत्तराखंड पब्लिक स्कूल की 9वीं से 12वीं कक्षाओं तक की मान्यता केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने रद्द कर दी है। यह फैसला सीबीएसई द्वारा कराई गई जांच के बाद 18 फरवरी को जारी आदेश में लिया गया। स्कूल में इन कक्षाओं में करीब 400 छात्र अध्ययनरत हैं, जो इस निर्णय से प्रभावित होंगे।
पिछले वर्ष, स्कूल प्रबंधन पर महिला शिक्षकों ने गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की जांच तत्कालीन जिलाधिकारी के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट में कई आरोपों की पुष्टि हुई थी। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई के लिए सीबीएसई को पत्र भेजा था।
कार्रवाई न होने पर शिकायतकर्ताओं ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की। हाईकोर्ट ने सीबीएसई से जवाब मांगा था। इसके बाद सीबीएसई ने अपने स्तर पर जांच कराई और कक्षा 9 से 12 तक की मान्यता निरस्त करने का आदेश जारी किया।
कक्षा 8 तक की पढ़ाई पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। वर्तमान में 10वीं और 12वीं के छात्र बोर्ड परीक्षाएं दे रहे हैं। डीआईओएस राजेश कुमार सिंह के अनुसार, जो छात्र बोर्ड परीक्षा दे रहे हैं, वे अपनी पूरी परीक्षा देंगे। वहीं, 9वीं और 11वीं के छात्रों को सीबीएसई द्वारा अन्य स्कूलों में स्थानांतरित किया जाएगा।
जांच में यह भी सामने आया कि, शिक्षकों के वेतन का एक हिस्सा नगद में लिए जाने के आरोप सही पाए गए। रिपोर्ट के अनुसार, स्कूल प्रबंधन पर शिक्षकों के लगभग 91 लाख रुपये बकाया थे, जिनमें से 68 लाख रुपये का भुगतान किया गया है, जबकि शेष राशि अब भी बकाया है।
शिक्षकों का कहना था कि, उन्हें प्रतिमाह वेतन बैंक खाते में दिया जाता था, लेकिन बाद में वेतन का एक हिस्सा नगद वापस ले लिया जाता था। आरोप है कि यह रकम नोएडा प्राधिकरण में बकाया के रूप में जमा की जाती थी।
सीबीएसई के आदेश के बाद, संबंधित कक्षाओं में नए सत्र को लेकर आगे की कार्रवाई बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।