Noida: नंगली वाजिदपुर और सेक्टर-130 के लोगों को मिलेगी राहत! सीवर ओवरफ्लो और बदबू की समस्या दूर होने की उम्मीद

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Noida News (13 October 2026): नोएडा के गांव नंगली वाजिदपुर और सेक्टर-130 के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से सीवर ओवरफ्लो और गंदगी की समस्या से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मंगलवार को गांव नंगली वाजिदपुर में बारातघर के पास 45 मीटर चौड़ी सड़क पर सीवर लाइन डालने का कार्य शुरू किया गया। ग्राम विकास संगठन नोएडा के संयोजक डीपी चौहान ने नारियल तोड़कर कार्य का शुभारंभ किया।

ग्राम विकास संगठन नोएडा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि गांव नंगली वाजिदपुर और सेक्टर-130 के निवासियों को लंबे समय से सीवर ओवरफ्लो की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। सीवर का गंदा पानी सड़कों पर फैलने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी, वहीं दुर्गंध के कारण भी निवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

अशोक चौहान के अनुसार, इस समस्या के समाधान के लिए ग्राम विकास संगठन लगातार नोएडा प्राधिकरण के उच्च अधिकारियों के समक्ष मामला उठा रहा था। नोएडा दिवस, ग्राम चौपाल और पत्राचार के माध्यम से अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया। संगठन के प्रयासों के बाद अब सीवर लाइन डालने का काम शुरू हुआ है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि नई सीवर लाइन बिछने के बाद नंगली वाजिदपुर और सेक्टर-130 में सीवर ओवरफ्लो की समस्या का समाधान हो सकेगा। इससे स्थानीय निवासियों को दुर्गंध, सड़कों पर बहते गंदे पानी और आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की संभावना है।

इस अवसर पर जल विभाग के जेई दयानंद उपाध्याय, कुलवीर, ग्राम विकास संगठन नोएडा के संयोजक डीपी चौहान, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान और सतेन्द्र चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।