पांच दिन से लापता मासूम का तालाब में मिला शव, इलाके में मातम

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (24 February 2026): ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चिपियाना बुजुर्ग गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब पांच दिन से लापता पांच वर्षीय बच्चे का शव गांव के तालाब में उतराता मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हाइड्रा क्रेन की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान ईशु (5) पुत्र इंद्रपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस और परिजनों के अनुसार, इंद्रपाल मूल रूप से फर्रुखाबाद के निवासी हैं और वर्तमान में चिपियाना बुजुर्ग गांव में भैरव बाबा मंदिर के पास किराये के मकान में परिवार के साथ रहते हैं। वह एक निजी फैक्ट्री में कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी घरेलू कामकाज करती हैं। परिवार में एक बेटी और बेटा ईशु था। बताया गया कि 17 फरवरी की दोपहर करीब दो बजे ईशु अपनी बहन के साथ मंदिर के आसपास खेल रहा था। कुछ समय बाद बहन घर लौट आई, लेकिन ईशु वापस नहीं आया। देर शाम तक तलाश के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

सीसीटीवी के सहारे तलाश, फिर भी नहीं मिला सुराग

पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की। बच्चे की हालिया तस्वीर उपलब्ध न होने से तलाश में कठिनाई आई। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संभावित स्थानों पर टीमें लगाई गईं। एक मौके पर परिजनों को भ्रमवश किसी अन्य बच्चे को ईशु समझ लेने की स्थिति भी बनी, लेकिन बाद में वह अलग बच्चा निकला।

तालाब में दिखा शव, एक घंटे में निकाला गया बाहर

सोमवार सुबह ग्रामीणों ने मंदिर के पास स्थित तालाब में एक बच्चे का शव तैरता देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा उपायों के साथ हाइड्रा क्रेन मंगवाई। रस्सी के सहारे एक युवक को तालाब में उतारकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला गया। परिजनों ने मौके पर ही शव की पहचान ईशु के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

एसीपी बिसरख पवन कुमार ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रारंभिक जांच में यही संकेत मिले हैं कि बच्चा खेलते समय तालाब में गिर गया था। फिलहाल किसी आपराधिक घटना के प्रमाण सामने नहीं आए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के कारणों की अंतिम पुष्टि की जाएगी।

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि तालाब की नियमित सफाई और घेराबंदी नहीं होने से यहां पहले भी हादसे होते रहे हैं। लोगों ने तालाब के चारों ओर सुरक्षा इंतजाम करने और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।