जेवर एयरपोर्ट के पास प्लॉट लेने का मौका, 973 प्लॉटों की स्कीम जल्द आएगी | Yamuna Authority

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (24/2/2026): ग्रेटर नोएडा के यमुना सिटी क्षेत्र में 973 आवासीय प्लॉटों की योजना जल्द लॉन्च होने जा रही है। यह स्कीम यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) द्वारा लाई जा रही है। योजना पिछले करीब तीन महीनों से लंबित थी, लेकिन अब सभी आपत्तियां दूर हो चुकी हैं और पंजीकरण प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अधिकारियों के अनुसार, स्कीम इसी महीने या मार्च के पहले सप्ताह में लॉन्च की जा सकती है।

यह योजना सेक्टर-15C, सेक्टर-18 और सेक्टर-24A में प्रस्तावित है। कुल 973 आवासीय भूखंडों में से अधिकांश प्लॉट 150 से 200 वर्ग मीटर श्रेणी के हैं। जानकारी के अनुसार, 200-250 वर्ग मीटर के 6 प्लॉट और 250-500 वर्ग मीटर के 2 प्लॉट भी शामिल किए गए हैं। सामान्य श्रेणी में कुल 755 प्लॉट रखे गए हैं। प्लॉटों का आकार 162 वर्ग मीटर से 290 वर्ग मीटर तक निर्धारित किया गया है। इनमें 200 वर्ग मीटर के 481 प्लॉट और 162 वर्ग मीटर के 476 प्लॉट शामिल हैं।

नए साल की शुरुआत, में इस योजना के लिए रेरा पंजीकरण हेतु आवेदन किया गया था। पंजीकरण के दौरान दो प्रमुख आपत्तियां सामने आई थीं—पहली, प्लॉट मूल्य का एकमुश्त भुगतान और दूसरी, लीज-टू-एग्रीमेंट प्रक्रिया को लेकर। एकमुश्त भुगतान की शर्त पर पहले ही सहमति बन गई थी, लेकिन लीज-टू-एग्रीमेंट को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी। नियामक प्राधिकरण बिल्डर प्रोजेक्ट्स की तर्ज पर लीज-टू-एग्रीमेंट लागू करने पर जोर दे रहा था, जबकि प्राधिकरण का पक्ष था कि कब्जा देते समय सीधे लीज डीड की जाती है।

बाद में बोर्ड स्तर पर निर्णय लिया गया, और लीज-टू-एग्रीमेंट की शर्त को स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद संबंधित आपत्तियों का समाधान कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक अब रेरा पंजीकरण शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा और उसके बाद योजना को औपचारिक रूप से लॉन्च कर दिया जाएगा। इस स्कीम के तहत पहली बार सेक्टर-15C में भी प्लॉट आवंटन किया जाएगा।

आवेदन, प्रक्रिया के तहत इच्छुक आवेदकों को पंजीकरण के समय प्लॉट मूल्य का 10 प्रतिशत शुल्क जमा करना होगा। प्लॉट आवंटन के बाद शेष 90 प्रतिशत राशि 60 दिनों के भीतर जमा करनी होगी। लीज-टू-एग्रीमेंट नियम लागू होने के कारण आवंटियों को स्टांप ड्यूटी का अतिरिक्त खर्च भी वहन करना पड़ेगा।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के बाद, यमुना सिटी और आसपास के क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य चल रहे हैं। एयरपोर्ट परियोजना के चलते इस क्षेत्र में आवासीय और निवेश संबंधी गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह नई आवासीय प्लॉट योजना तैयार की गई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।