GREATER NOIDA News (05/02/2026): जनपद गौतमबुद्ध नगर में नागरिक सुरक्षा कोर के अंतर्गत अवैतनिक स्वयंसेवकों एवं सदस्यों की भर्ती की जाएगी। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी न्यायिक एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा कोर प्रियंका ने जानकारी देते हुए बताया कि नागरिक सुरक्षा अधिनियम, 1968 के अंतर्गत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार यह भर्ती प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नागरिक सुरक्षा संगठन में चयनित अवैतनिक स्वयंसेवक निष्काम भावना से कार्य करते हुए प्रशासन के साथ मिलकर विभिन्न जनहित कार्यों में सहयोग प्रदान करेंगे। इन कार्यों में त्योहारों, मेलों, सार्वजनिक आयोजनों, प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़, भूकंप आदि के समय राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ प्रशासन द्वारा संचालित विशेष अभियानों में सक्रिय सहभागिता शामिल होगी।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि नागरिक सुरक्षा विभाग में अवैतनिक सदस्य बनने के लिए शासन द्वारा कुछ आवश्यक योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। आवेदक का भारत का नागरिक होना अनिवार्य है। उसके विरुद्ध किसी थाना या न्यायालय में कोई आपराधिक वाद पंजीकृत नहीं होना चाहिए। आवेदक न्यूनतम हाईस्कूल उत्तीर्ण हो, शारीरिक एवं मानसिक रूप से पूर्णतः स्वस्थ हो तथा किसी भी राजनीतिक दल का सक्रिय सदस्य न हो। इसके अतिरिक्त इच्छुक महिला या पुरुष की आयु 18 वर्ष से अधिक एवं 60 वर्ष से कम होनी चाहिए तथा वह अपने क्षेत्र का प्रतिष्ठित नागरिक होना चाहिए।
उन्होंने आगे बताया कि आवेदन पत्र प्राप्त होने के पश्चात आवेदकों की पुलिस जांच एवं चिकित्सा जांच कराई जाएगी। दोनों जांचों में उपयुक्त पाए जाने वाले अभ्यर्थियों को नागरिक सुरक्षा विभाग के विभिन्न अवैतनिक पदों पर तैनात किया जाएगा। इन पदों में चीफ वार्डन, डिप्टी चीफ वार्डन, स्टाफ ऑफिसर, डिवीजनल वार्डन, डिप्टी डिवीजनल वार्डन, पोस्ट वार्डन, सेक्टर वार्डन, घटना नियंत्रण अधिकारी एवं संदेश वाहक सहित अन्य पद शामिल हैं। नियुक्ति जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा द्वारा की जाएगी।
नागरिक सुरक्षा कोर में अवैतनिक सेवा देने के इच्छुक ऐसे नागरिक, जिनका निवास नगरीय क्षेत्र में है, वे कलेक्ट्रेट सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा स्थित कक्ष संख्या 116 से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। भरा हुआ आवेदन पत्र निर्धारित स्थान पर जमा करना होगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।