GREATER NOIDA News (05/02/2026): कृषि विभाग एवं इफको सहकारी उर्वरक प्रयोगकर्ता संस्था के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को विकास भवन स्थित सभागार में नैनो उर्वरकों के उपयोग और मृदा स्वास्थ्य विषय पर ब्लॉक स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता उप कृषि निदेशक गौतमबुद्धनगर राजीव कुमार ने की। कार्यक्रम में ब्लॉक स्तर के कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यशाला में जिला कृषि अधिकारी विवेक दुबे, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता विवेका सिंह तथा वरिष्ठ प्राविधिक सहायक अम्बा प्रकाश शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त इफको के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने अपने संबोधन में जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा रासायनिक उर्वरकों पर दी जा रही सरकारी सब्सिडी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले जहां एक एकड़ भूमि में एक बोरी यूरिया का प्रयोग किया जाता था, वहीं वर्तमान में किसान दो बोरी यूरिया प्रति एकड़ तक उपयोग कर रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप मृदा की अम्लीयता बढ़ रही है और मिट्टी में कार्बनिक तत्वों की कमी देखी जा रही है, जो दीर्घकाल में फसलों की उत्पादकता को प्रभावित कर सकती है।
जिला कृषि अधिकारी विवेक दुबे ने पीएम प्रणाम योजना की जानकारी देते हुए रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संतुलित उर्वरक प्रबंधन अपनाकर ही मृदा स्वास्थ्य को सुरक्षित रखा जा सकता है। साथ ही उन्होंने नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के लाभ, उपयोग विधि और उनकी उपयोगिता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की।
वरिष्ठ प्राविधिक सहायक अम्बा प्रकाश शर्मा ने सरकार द्वारा संचालित ‘धरती बचाओ अभियान’ के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों एवं विभागीय कर्मचारियों को समय-समय पर मिट्टी की जांच कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का प्रयोग करने से उत्पादन लागत कम होने के साथ-साथ भूमि की उर्वरता बनी रहती है।
इफको के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने नैनो उर्वरकों की तकनीकी विशेषताओं पर जानकारी देते हुए बताया कि नैनो उर्वरक कम मात्रा में अधिक प्रभावी होते हैं और फसलों को आवश्यक पोषक तत्व उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध प्रयोग से मृदा स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में भी विस्तार से चर्चा की तथा नैनो उर्वरकों के प्रयोग से होने वाले लाभों को स्पष्ट किया।
कार्यशाला के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नैनो उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने और किसानों को मृदा संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।