दिल्ली चुनाव: AAP विधायक ने शीर्ष नेतृत्व पर पैसे लेकर टिकट बेचने का लगाया गंभीर आरोप!
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (17 जनवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) में टिकट को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। हरि नगर विधानसभा क्षेत्र की मौजूदा विधायक राजकुमारी ढिल्लो ने पार्टी पर टिकट बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी ने हाल ही में हरि नगर सीट से उनका टिकट काटकर पूर्व कांग्रेस नेता और निगम पार्षद सुरेंद्र सेतिया को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया।
राजकुमारी ढिल्लो, जो 10 साल से हरि नगर की विधायक हैं, ने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी ने उन्हें टिकट देकर प्रचार कराया और अंतिम समय में पैसे लेकर उनका टिकट छीन लिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “एक्स” पर उन्होंने पार्टी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए लिखा,
“15 दिसंबर को टिकट देकर प्रचार करवाया, 15 जनवरी को पैसे लेकर टिकट काट दिया। केजरीवाल ने अपनी सिटिंग महिला MLA को धोखा दिया।”
राजकुमारी ढिल्लो ने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें हरि नगर की जनता कह रही है कि पार्टी ने उनके साथ धोखा किया। वीडियो में दिखाया गया है कि राजकुमारी ढिल्लो ओपिनियन पोल में आगे थीं और पार्टी उनके जीतने को लेकर आश्वस्त थी।
वीडियो में यह भी आरोप लगाया गया है कि टिकट बदलने के पीछे “करोड़ों का खेल” हुआ। वीडियो के अंत में पार्टी के इस कदम से नाराज लोगों ने कहा, “राजकुमारी नहीं, तो हमारा वोट नहीं।”
राजकुमारी ढिल्लो के समर्थकों ने AAP के इस कदम की कड़ी आलोचना की है। समर्थकों का कहना है कि ढिल्लो ने पिछले 10 सालों में हरि नगर की जनता की सेवा में दिन-रात एक कर दिया।समर्थकों ने कहा कि पार्टी का यह कदम हरि नगर विधानसभा के लोगों के साथ धोखा है।
AAP ने हरि नगर से राजकुमारी ढिल्लो की जगह सुरेंद्र सेतिया को टिकट दिया है। सुरेंद्र सेतिया पहले कांग्रेस में थे और पिछला चुनाव इसी सीट से कांग्रेस के टिकट पर लड़ चुके हैं। हालांकि, वह उस चुनाव में तीसरे स्थान पर रहे थे और मात्र 9.6% वोट ही हासिल कर पाए थे।
AAP के सूत्रों का कहना है कि हरि नगर और नरेला सीटों पर जमीनी रिपोर्ट के आधार पर उम्मीदवार बदले गए हैं। पार्टी का दावा है कि यह फैसला जीत सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है।
हरि नगर विधानसभा क्षेत्र आम आदमी पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है। 2013, 2015 और 2020 के चुनावों में AAP ने यहां जीत दर्ज की। पिछली बार AAP ने यहां 53% से ज्यादा वोट हासिल कर 20,000 वोटों से जीत दर्ज की थी।
राजकुमारी ढिल्लो के आरोपों ने न केवल AAP को मुश्किल में डाल दिया है, बल्कि हरि नगर सीट पर पार्टी के मजबूत गढ़ को चुनौती दी है। नाराज समर्थकों का गुस्सा और जनता में टिकट बदलने को लेकर असंतोष AAP की संभावनाओं को प्रभावित कर सकता है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी इस स्थिति को कैसे संभालती है और क्या सुरेंद्र सेतिया हरि नगर में AAP की जीत की परंपरा को जारी रख पाएंगे या यह सीट किसी और के खाते में जाएगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।