दिल्ली में मिठाई की दुकानों और फैक्ट्रियों पर छापेमारी, 40 खाद्य नमूने जांच के लिए जुटाए

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (07 November 2026): दिल्ली (Delhi) में दीपावली और त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीमों ने उत्तर-पूर्वी, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य पदार्थ बनाने वाली इकाइयों का निरीक्षण किया। इस अभियान के दौरान मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों समेत कुल 40 खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा क्षेत्र में की गई जांच के दौरान खोया, पनीर, घी, कलाकंद, लड्डू, गुलाब जामुन और ड्राई फ्रूट गिफ्ट पैक के 22 नमूने लिए गए। इस दौरान मंडोली एक्सटेंशन स्थित एक डेयरी में दुर्गंधयुक्त खोया, रसगुल्ले और मच्छरों-मक्खियों से दूषित दूध पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 100 किलोग्राम ऐसी खाद्य सामग्री नष्ट कराई, जिसे मानव उपभोग के योग्य नहीं पाया गया।

वहीं, दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में भी विशेष जांच अभियान चलाया गया। यहां मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों सहित 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इन स्थानों से लड्डू, बर्फी, कलाकंद, रसगुल्ला, खोया, छेना, पनीर, घी और स्किम्ड मिल्क पाउडर के 18 नमूने जांच के लिए जुटाए गए। इसके अलावा निहाल विहार स्थित एक मिठाई निर्माण इकाई के खिलाफ मिली शिकायत पर भी टीम ने कार्रवाई की। निरीक्षण में यह इकाई बिना भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) पंजीकरण के संचालित होती मिली। यहां से भी तीन नमूने जांच के लिए लिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने निरीक्षण के दौरान दुकानों और निर्माण इकाइयों में साफ-सफाई तथा स्वच्छता के निर्धारित मानकों की भी जांच की। जहां कमियां पाई गईं, वहां सुधार के निर्देश देते हुए कुल आठ प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए। विभाग के अनुसार, खाद्य नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट और निरीक्षण में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य निर्माण इकाइयों की नियमित जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिले। खाद्य पदार्थों में मिलावट, दूषित सामग्री की बिक्री और स्वच्छता मानकों की अनदेखी लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला है और सरकार इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य केवल अनियमितताओं पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करना है, जिससे दिल्लीवासियों को पूरे साल और विशेष रूप से त्योहारों के दौरान भरोसेमंद खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।