AAP को बड़ा झटका: बापरौला और मंगलापुरी के निगम पार्षद BJP में शामिल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (17 जनवरी 2025): दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार को बापरौला के निगम पार्षद रविंद्र सोलंकी और मंगलापुरी के निगम पार्षद नरेंद्र गिरसा ने आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस मौके पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद कमलजीत सहरावत और वरिष्ठ भाजपा नेता योगेंद्र चंदोलिया मौजूद रहे।

वीरेंद्र सचदेवा बोले – ‘AAP सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त’

इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दोनों पार्षदों को भाजपा की सदस्यता दिलाई और कहा, “दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने बीते 10 वर्षों में केवल भ्रष्टाचार फैलाया है। हर सरकारी योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है। अब चुनाव नजदीक आते ही लोग आम आदमी पार्टी से नाता तोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के साथ जुड़ रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि रवींद्र सोलंकी और नरेंद्र गिरसा दो ऐसे नेता हैं जिन्होंने अपने वार्डों में न केवल जनसेवा की, बल्कि लोकसभा क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाई। भाजपा में इनके शामिल होने से दिल्ली में पार्टी को और मजबूती मिलेगी।

‘5 फरवरी को होगा AAP-दा का सफाया’

वीरेंद्र सचदेवा ने दावा किया कि आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी की हार तय है। उन्होंने कहा,
“5 फरवरी को जब दिल्ली में मतदान होगा, तब AAP-दा का सफाया हो जाएगा। दिल्ली में डबल इंजन की सरकार बनेगी और विकास की गति दोगुनी रफ्तार से आगे बढ़ेगी।”

कमलजीत सहरावत का हमला – ‘AAP ने जनता के विश्वास को तोड़ा’

दिल्ली भाजपा की वरिष्ठ नेता और सांसद कमलजीत सहरावत ने भी आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि, “पिछले दो वर्षों से आम आदमी पार्टी नगर निगम सत्ता में है, लेकिन पार्षदों को केवल 15 लाख रुपये ही विकास कार्यों के लिए मिले। जनता ने जिस उम्मीद से AAP को चुना था, अरविंद केजरीवाल ने उस भरोसे को तोड़ा।”

उन्होंने कहा कि विकास की धीमी गति और संसाधनों की कमी के चलते दोनों पार्षदों ने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है। उन्होंने भरोसा जताया कि इनके भाजपा में आने से बापरौला और मंगलापुरी में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी।

BJP को मिलेगा फायदा?

AAP के दो मौजूदा निगम पार्षदों का भाजपा में शामिल होना चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। भाजपा इसे AAP सरकार की विफलता और दिल्ली में विकास की धीमी रफ्तार का नतीजा बता रही है। अब देखना यह होगा कि इन दावों का दिल्ली की जनता पर क्या असर पड़ता है और आगामी चुनाव में जनता किस पार्टी पर भरोसा जताती है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।