पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर में अनुशासन, गौरव और शौर्य के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (26/01/2026): पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर के रिजर्व पुलिस लाइंस, सूरजपुर स्थित परेड ग्राउंड में भारत के 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन पूर्ण गरिमा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह की उपस्थिति में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान और भारतीय संविधान के निर्माण में योगदान देने वाले महान व्यक्तित्वों को स्मरण करते हुए सभी नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास विभाग) जसवंत सैनी रहे। मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिसके पश्चात राष्ट्रगान के साथ परेड ग्राउंड राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। इसके उपरांत गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित रैतिक परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया गया। परेड का नेतृत्व प्रथम परेड कमांडर दीक्षा भोरिया (सहायक पुलिस आयुक्त), द्वितीय परेड कमांडर शकील अहमद (सहायक पुलिस आयुक्त) तथा तृतीय परेड कमांडर नेकराम सिंह (उप निरीक्षक) द्वारा किया गया। परेड में विभिन्न प्लाटूनों ने अनुशासन, शौर्य और एकरूपता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई, जिसमें लोकतंत्र, समानता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर मेधा रूपम, अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र, अपर पुलिस आयुक्त अजय कुमार, समस्त पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, अन्य कमिश्नरेट अधिकारी, गणमान्य अतिथि तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि एवं पुलिस आयुक्त द्वारा कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर में तैनात उन अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन असाधारण साहस, निष्ठा और उत्कृष्टता के साथ किया। सम्मान समारोह के अंतर्गत डीजी डिस्क गोल्ड (शौर्य पदक), डीजी डिस्क सिल्वर (शौर्य पदक), डीजी डिस्क सिल्वर (सेवाभिलेख पदक), अति उत्कृष्ट सेवा पदक, उत्कृष्ट सेवा पदक तथा सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह प्रदान किए गए। यह सम्मान पुलिस बल के मनोबल को सुदृढ़ करने और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करने का प्रतीक रहा।

इसके अतिरिक्त, कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर में विभिन्न स्तरों पर सराहनीय कार्य करने वाले कुल 92 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही महाकुंभ प्रयागराज के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं जनसुरक्षा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के 716 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को महाकुंभ सेवा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस आयुक्त द्वारा भव्य परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहन स्वरूप नकद पुरस्कार एवं रिवार्ड अवकाश की घोषणा की गई। इसके अंतर्गत प्रत्येक प्लाटून कमांडर को 5,100 रुपये की धनराशि, प्रत्येक परेड कमांडर को गुड हेल्थ अवकाश तथा परेड में सम्मिलित प्रत्येक पुलिसकर्मी को तीन दिनों का रिवार्ड अवकाश प्रदान किया गया।

समारोह के दौरान आम नागरिकों को पुलिस की कार्यप्रणाली और आपातकालीन तैयारियों से अवगत कराने के उद्देश्य से विविध प्रकार की प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया। प्रदर्शनी में डायल-112 आपातकालीन सेवा वाहन, बम निरोधक दस्ता एवं श्वान दल, फॉरेंसिक वैन, पुलिस रेडियो वाहन तथा दंगा निरोधक वज्र वाहन शामिल रहे। इन प्रदर्शनों ने पुलिस बल की तत्परता, तकनीकी दक्षता और जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं और नन्हें बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनमें राष्ट्रभक्ति और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

समारोह के समापन अवसर पर पुलिस आयुक्त द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया, वहीं मुख्य अतिथि द्वारा पुलिस आयुक्त को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। इसके पश्चात आयोजन में उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों, छायाकारों, सेवानिवृत्त प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, सेवारत अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा समस्त दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। सूक्ष्म जलपान के साथ 77वें गणतंत्र दिवस का यह भव्य एवं ऐतिहासिक समारोह संपन्न हुआ।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।