Greater Noida Authority में 77वां गणतंत्र दिवस, संविधान और कर्तव्यों के प्रति दोहराया संकल्प
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (26/01/2026): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण (Greater Noida Authority) परिसर में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण समारोह गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की तथा भारत की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली।

समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसमें अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके उपरांत राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्राधिकरण के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारत की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए संविधान की शपथ ग्रहण की।
इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में केंद्रीय विद्यालय, ग्रेटर नोएडा एवं सावित्रीबाई फूले बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, नृत्यों और कविताओं के माध्यम से समां बांध दिया। केंद्रीय विद्यालय की छात्राओं ने गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया और “सौभाग्य है कि इस पुण्य पावन धरा पर हमने जन्म लिया”, “सुजलाम सुफलाम”, “मां तेरा तिरंगा लहराए” जैसे देशभक्ति गीतों पर मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। वहीं सावित्रीबाई फूले बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने “हिंद देश के निवासी सभी जन एक हैं” और “भारत हमको जान से प्यारा है” जैसे गीतों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया। छात्राओं ने गीत और नृत्य के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों की कला और सांस्कृतिक विरासत को भी दर्शाया। विद्यालय की छात्रा अन्वेशा ने कविता पाठ के जरिए स्वतंत्रता के वास्तविक अर्थ और नागरिक कर्तव्यों का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन ही देश की सच्ची सेवा है। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रध्वज तिरंगे के महत्व, उसके रंगों के प्रतीकात्मक अर्थ और राष्ट्रीय एकता में उसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों में देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करें।
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह ने प्राधिकरण कर्मियों से ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ, सुनियोजित, सुदृढ़ और अनूठा शहर बनाने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार के मार्गदर्शन में ग्रेटर नोएडा में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी और कहा कि प्राधिकरण को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। दोनों अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों ने प्राधिकरण को वित्तीय संकट से उबारने में मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार की भूमिका की सराहना की।
कार्यक्रम को ओएसडी अभिषेक पाठक, ओएसडी गिरीश कुमार झा, ओएसडी मुकेश कुमार सिंह तथा पीजीएम संदीप चंद्रा ने भी संबोधित किया। समारोह का संचालन ओएसडी अर्चना द्विवेदी द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा एम्प्लाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष सोनू भड़ाना सहित प्राधिकरण के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। राष्ट्रभक्ति और उत्साह से भरे इस समारोह ने सभी को अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा दी।
Republic Day 2026: Greater Noida Authority में समारोह की खास झलकियाँ | Photo Highlights
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।