संविधान भारत की आत्मा है, 26 जनवरी हमारे लोकतांत्रिक गौरव का उत्सव: Dr. Mahesh Sharma, MP
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Budh Nagar News (25/01/2026): भारत अपना 77वां गणतंत्र दिवस इस वर्ष विशेष अंतरराष्ट्रीय गरिमा और राष्ट्रीय उल्लास के साथ मना रहा है। 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार यूरोपीय यूनियन के दो शीर्ष नेता संयुक्त रूप से मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंतोनियो कोस्टा की उपस्थिति भारत–यूरोप संबंधों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण मानी जा रही है।
पूरे देश में यह राष्ट्रीय पर्व अलग-अलग रंगों और रूपों में मनाया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकारों के कार्यालयों से लेकर स्कूलों, कॉलेजों, प्रशासनिक भवनों और पुलिस इकाइयों तक गणतंत्र दिवस को अनोखे और प्रेरणादायी अंदाज में मनाया जा रहा है। देशभक्ति, संविधान के प्रति सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों का उत्सव हर कोने में देखने को मिल रहा है।
गौतमबुद्ध नगर जनपद में भी गणतंत्र दिवस को लेकर उत्साह चरम पर है। नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, यमुना विकास प्राधिकरण और पुलिस प्रशासन सहित सभी सरकारी संस्थाएं इस अवसर को बड़े जोश, अनुशासन और उल्लास के साथ मनाने की तैयारी कर रही हैं। विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और राष्ट्रभक्ति से जुड़े आयोजन किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने टेन न्यूज नेटवर्क से विशेष बातचीत में क्षेत्रवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान और राष्ट्रीय एकता पर महत्वपूर्ण संदेश दिया।
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि, भारत का संविधान हम सभी नागरिकों के लिए गर्व और गौरव का विषय है। जिस दिन हमने अपने संविधान को अंगीकार किया, वह दिन केवल एक ऐतिहासिक तिथि नहीं, बल्कि हमारी लोकतांत्रिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बन गया।
उन्होंने कहा कि, 26 जनवरी वह दिन है, जब भारत ने स्वयं को एक संप्रभु, लोकतांत्रिक और गणराज्य राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। यह दिन केवल संविधान के लागू होने का अवसर नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, स्वाभिमान और आत्मसम्मान का प्रतीक है, जिसे पूरी दुनिया सम्मान की दृष्टि से देखती है।
डॉ. महेश शर्मा ने आगे कहा कि, गणतंत्र दिवस हमें हमारे गौरवशाली इतिहास से जोड़ता है और साथ ही यह याद दिलाता है कि अधिकारों के साथ-साथ हमारे कर्तव्य भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि इस पावन अवसर पर हम सभी व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर “मैं” और “मेरा” की सीमाओं को तोड़ें और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें। हमें उस संदेश को आगे बढ़ाना है, जो हमारे संविधान में निहित है और जिसे माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ा रहा है। गणतंत्र दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्ममंथन का भी अवसर है, जब हम यह संकल्प लेते हैं कि एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भूमिका ईमानदारी से निभाएंगे।
गणतंत्र दिवस 2026 इस बार न केवल देशवासियों के लिए गर्व का अवसर है, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और नेतृत्व को भी दर्शाता है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।