नोएडा में गैस की किल्लत पर माकपा का आक्रोश, प्रशासन के दावों को बताया जमीनी हकीकत से दूर

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (14/03/2026): नोएडा में रसोई गैस की बढ़ती किल्लत और महंगाई को लेकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की पथ विक्रेता ब्रांच ने गहरी चिंता व्यक्त की है। सेक्टर-8 स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि गैस की कमी के कारण आम लोगों के साथ-साथ छोटे कारोबारियों को भी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रशासन की ओर से किए जा रहे दावे वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाते।

बैठक को संबोधित करते हुए माकपा नेता गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन लगातार यह दावा कर रहे हैं कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति बिल्कुल अलग है। उन्होंने बताया कि नोएडा क्षेत्र में गैस सिलेंडर प्राप्त करना बेहद मुश्किल हो गया है। खास तौर पर कमर्शियल गैस सिलेंडर की उपलब्धता लगभग ठप हो जाने से छोटे व्यापारियों और ठेला-रेहड़ी लगाने वाले लोगों की रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ रहा है।

उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि पार्टी के कार्यकर्ता भरत प्रसाद के बेटे का शादी समारोह 15 मार्च को होना है, लेकिन कार्यक्रम के लिए गैस सिलेंडर की व्यवस्था करना भी मुश्किल साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि तमाम एजेंसियों से संपर्क करने के बावजूद कोई भी एजेंसी सिलेंडर उपलब्ध कराने को तैयार नहीं है। इस समस्या को लेकर पार्टी कार्यकर्ता जिला अधिकारी कार्यालय भी पहुंचे, जहां से जिला आपूर्ति अधिकारी को पत्र भेजा गया, लेकिन इसके बावजूद समाधान नहीं निकल सका। क्षेत्रीय खाद्य आपूर्ति अधिकारी ने भी गैस उपलब्ध कराने में असमर्थता जताई।

शर्मा ने कहा कि प्रशासन के दावों के विपरीत हालात यह हैं कि लोगों को पांच सिलेंडर की व्यवस्था करने में भी भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। कई गैस एजेंसियों पर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं और कुछ स्थानों पर गैस को लेकर विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर गैस की आपूर्ति को सुचारु बनाने की मांग की।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भी आवाज उठाई। उन्होंने केंद्र सरकार से चारों श्रम संहिताओं (लेबर कोड) को वापस लेने, बिजली संशोधन विधेयक को रद्द करने और झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों के उत्पीड़न को बंद करने की मांग की। साथ ही “जहां झुग्गी वहीं पक्का मकान” की नीति लागू करने, सभी जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने और प्रत्येक व्यक्ति को सस्ती दरों पर राशन देने की मांग भी रखी गई।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि रेहड़ी-पटरी पर कारोबार करने वाले लोगों को लगातार उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से पथ विक्रेता अधिनियम 2014 को सही ढंग से लागू करने की मांग की, ताकि छोटे कारोबारियों को संरक्षण मिल सके।

बैठक में मजदूरों के लिए न्यूनतम वेतन ₹26,000 प्रतिमाह घोषित करने की मांग भी उठाई गई। इसके साथ ही 24 मार्च 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली माकपा की रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को इसमें शामिल करने का आह्वान किया गया।

बैठक में पार्टी कार्यकर्ता **पूनम देवी, मंजू राय, रामदीन, सुशील, हरी गुप्ता, रविंद्र शाह, शाहिद, भीखू प्रसाद और अरुण कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे। सभी ने गैस संकट को गंभीर बताते हुए सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।