नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, अमेरिकी नागरिकों से करोड़ों की ठगी का मामला
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (14/03/2026): थाना फेज-वन पुलिस ने सेक्टर-2 क्षेत्र में संचालित एक अवैध कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर की जा रही ठगी के बड़े गिरोह का खुलासा किया है। यह गिरोह नामी ओटीटी प्लेटफॉर्म के सस्ते सब्सक्रिप्शन का लालच देकर अमेरिकी नागरिकों को निशाना बना रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जो अब तक तीन हजार से अधिक विदेशी नागरिकों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी खुद को लोकप्रिय ओटीटी कंपनियों का प्रतिनिधि बताकर इंटरनेट कॉल के जरिए अमेरिकी नागरिकों से संपर्क करते थे। इसके बाद उन्हें बेहद कम कीमत में प्रीमियम सब्सक्रिप्शन देने का झांसा देकर 100 से 300 डॉलर तक की राशि वसूल लेते थे।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि थाना फेज-वन पुलिस की टीम नियमित गश्त पर थी, तभी सूचना मिली कि सेक्टर-2 के सी ब्लॉक स्थित एक इमारत में अवैध कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर छापेमारी की। जब पुलिस टीम इमारत के तीसरे तल पर पहुंची तो वहां कई युवक हेडफोन लगाकर कंप्यूटर के सामने बैठे विदेशी नागरिकों से बातचीत कर रहे थे। पुलिस को देखते ही वे अचानक चुप हो गए, जिससे संदेह और गहरा गया। पूछताछ के दौरान दिल्ली के जामिया नगर निवासी मोहसिन खान ने खुद को कंपनी का निदेशक बताया।
उसने स्वीकार किया कि उसने “मोहसिन कंसलटेंसी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड” नाम से कंपनी बनाई थी, जिसके जरिए यह पूरा फर्जी कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था। आरोपी डायलर कम्युनिकेटर नामक सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर विदेशी नंबरों पर इंटरनेट कॉल करते थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को अमेजन प्राइम, नेटफ्लिक्स और हॉटस्टार जैसे प्रसिद्ध ओटीटी प्लेटफॉर्म का आधिकारिक प्रतिनिधि बताकर ग्राहकों को आईपीटीवी तकनीक के माध्यम से लाइव स्ट्रीमिंग सेवा देने का दावा करते थे। इसके बदले वे ग्राहकों से 100 से 300 डॉलर तक की रकम वसूल लेते थे।
पुलिस के अनुसार इन आरोपियों के पास इस तरह की सेवा देने के लिए किसी भी सरकारी एजेंसी या प्रसारण संस्था का लाइसेंस नहीं था, फिर भी वे अवैध रूप से यह धंधा चला रहे थे। पुलिस ने मौके से मोहसिन खान के अलावा गाजियाबाद के विजयनगर निवासी नौशाद, हरियाणा के सोनीपत निवासी सुनील, दिल्ली के सराय रोहिल्ला निवासी मोहम्मद समीम, जामिया नगर निवासी सैफ रजा और अमरोहा के गजरौला निवासी इरफान को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी विशेष सॉफ्टवेयर की मदद से ओटीटी प्लेटफॉर्म का कंटेंट एंड्रॉइड डिवाइस पर लाइव स्ट्रीमिंग की तरह दिखाते थे। शुरुआत में वे ग्राहकों को बेहद कम कीमत पर सब्सक्रिप्शन उपलब्ध कराते थे, जिससे ग्राहक उनके जाल में फंस जाते थे। कुछ समय बाद वे सेवा बंद कर देते थे और सब्सक्रिप्शन रिन्यू कराने के नाम पर दोबारा पैसे मांगते थे।
इस तरह आरोपी बार-बार रिन्यूअल का बहाना बनाकर विदेशी ग्राहकों से मोटी रकम वसूलते थे। हर कनेक्शन के लिए 100 से 300 डॉलर तक चार्ज लिया जाता था, जिससे गिरोह ने लाखों डॉलर की अवैध कमाई की। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, तकनीकी उपकरणों और कॉल डाटा की जांच कर रही है, ताकि इस अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।