NEA चुनाव: 14 वर्षों से अध्यक्ष विपिन मल्हन ने फिर भरा नामांकन, लगभग निर्विरोध जीत की उम्मीद
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (07/01/2026): नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (Noida Entrepreneurs Association) के चुनाव को लेकर बुधवार को नामांकन प्रक्रिया चुनाव समिति की निगरानी में संपन्न हुई। इस बार भी NEA चुनाव में मौजूदा कार्यकारिणी अध्यक्ष विपिन मल्हन और सेक्रेटरी वी.के. सेठ के पैनल का दबदबा साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। यह पैनल पिछले 14 वर्षों से लगातार चुनाव जीतता आ रहा है।
इस चुनाव में अब तक कोई मजबूत विपक्षी पैनल मैदान में नहीं उतरा है। हालांकि, कार्यकारिणी के दो पदों के लिए सेक्टर-10 और सेक्टर-76 से दो सदस्यों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। जिससे देख कर लग रहा है कि एक बार फिर अध्यक्ष विपिन मल्हन का पैनल बड़ी जीत दर्ज कर सकता है।
टेन न्यूज़ से खास बातचीत में NEA अध्यक्ष विपिन मल्हन ने कहा कि बीते 14 वर्षों में नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन ने उद्योग जगत की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष किया है और भविष्य में भी यह भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों की मूल चिंता यही होती है कि उनका उद्योग सुरक्षित और सुचारू रूप से चलता रहे तथा किसी भी विभाग से अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। ऐसी किसी भी स्थिति में एसोसिएशन तुरंत उनके साथ खड़ा होता है। उन्होंने बताया कि नामांकन का समय दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है और नियमों के अनुसार कोई भी उम्मीदवार 2:59 बजे तक नामांकन कर सकता है। अंतिम स्थिति का निर्णय चुनाव अधिकारी द्वारा गुरुवार को घोषित किया जाएगा।
वहीं, NEA के सेक्रेटरी वी.के. सेठ ने कहा कि 14 वर्षों से लगातार जीत का कारण कोई एक व्यक्ति नहीं, बल्कि उद्योगपतियों का विश्वास है। उन्होंने बताया कि कई बार रात 12 बजे या 2 बजे भी इंडस्ट्रियल समस्याओं को लेकर पूरी टीम सक्रिय होकर सदस्यों की मदद करती है, चाहे वह औपचारिक सदस्य हो या नहीं। इसी भरोसे के चलते आज पैनल की मजबूती पहले से चार गुना तक बढ़ चुकी है।
उन्होंने यह भी कहा कि जब तक उद्योगपतियों को कोई बेहतर विकल्प नहीं मिलता, वे इसी पैनल के साथ खड़े रहते हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई बेहतर कार्य और दृष्टिकोण के साथ चुनाव मैदान में उतरना चाहता है, तो उसका स्वागत किया जाएगा।
अन्य सदस्यों नेकहा कि इस बार एसोसिएशन ने महिला उद्यमियों और युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया है। कार्यकारिणी में दो महिला सदस्यों को शामिल किया गया है, जिसे एक सकारात्मक शुरुआत माना जा रहा है। पैनल का कहना है कि आने वाले समय में और अधिक महिलाएं तथा युवा इंडस्ट्री से जुड़ेंगे। एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य इंडस्ट्री को मजबूत करना है और जो भी सदस्य—चाहे पुरुष हो या महिला—कार्य करने की क्षमता रखता है, उसे आगे आने का अवसर दिया जाएगा।

महिला सदस्यों नेकहा कि महिलाओं की संख्या भले ही अभी सीमित दिखाई दे, लेकिन इस बार उनकी भूमिका पहले की तुलना में कहीं अधिक सशक्त नजर आ रही है। एग्जीक्यूटिव कमेटी और ऑफिस-बियरर्स में महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शुरुआत से ही महिलाओं ने एसोसिएशन को स्थापित और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। शुरुआती दौर में एक महिला उद्यमी ने कठिन समय में संगठन के लिए व्यक्तिगत स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान दिया था, जब उन्होंने न केवल जिम्मेदारी संभाली बल्कि जरूरतमंदों के लिए भोजन जैसी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की थीं। यह दर्शाता है कि महिलाओं की भागीदारी केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि प्रभावशाली और निरंतर बढ़ती हुई रही है।
आगे उन्होंने कहा कि यदि यह पैनल फिर से जीत दर्ज करता है, तो महिला उद्यमियों के लिए विशेष सुविधाएं और सपोर्ट सिस्टम विकसित किए जाएंगे। इंडस्ट्री में कार्यरत महिलाओं और महिला उद्यमियों के लिए सुरक्षित, भरोसेमंद और सहयोगी माहौल को प्राथमिकता दी जाएगी। कई महिला उद्यमी अपने साथ महिला कर्मचारियों को भी नियुक्त करती हैं, ऐसे में उनके लिए विश्वसनीय वातावरण और अतिरिक्त सहूलियतें उपलब्ध कराना आवश्यक माना जा रहा है।

चुनाव अधिकारी प्रदीप मेहता ने टेन न्यूज़ नेटवर्क से बातचीत में बताया कि नामांकन के अंतिम घंटों में NEA के दो अन्य सदस्यों द्वारा कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए सेक्टर-10 और सेक्टर-76 से नामांकन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव 17 जनवरी को संपन्न होंगे, जबकि 10 फरवरी को नई कार्यकारिणी का औपचारिक गठन किया जाएगा। पूरी चुनाव प्रक्रिया चार चुनाव अधिकारियों की निगरानी में निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र रूप से संपन्न कराई जाएगी।
गौरतलब है कि नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन शहर की एक प्रमुख संस्था है, जो व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं और मांगों को सरकार एवं प्रशासन तक पहुंचाकर समाधान कराने में सक्रिय भूमिका निभाती है। विपिन मल्हन और वी.के. सेठ का पैनल पिछले 14 वर्षों से लगातार जीत दर्ज करता आ रहा है, जिसमें कई बार चुनाव निर्विरोध भी संपन्न हुए हैं।
NEA कार्यकारिणी के चुनाव प्रत्येक दो वर्ष के अंतराल पर होते हैं और यह कार्यकाल वर्ष 2026 से 2028 तक रहेगा। इस बार भी चुनाव में केवल दो कार्यकारिणी सदस्य पदों पर सीमित मुकाबला देखने को मिल रहा है, ऐसे में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि एक बार फिर विपिन मल्हन और वी.के. सेठ का पैनल भारी जीत दर्ज करेगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।