विश्व शांति के लिए संयुक्त राष्ट्र से वीटो पावर समाप्त करने की पहल करे भारत : कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी

टेन न्यूज नेटवर्क

GHAZIABAD News (07/01/2026): विश्व शांति और वैश्विक संतुलन को बनाए रखने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में दिए गए “वीटो पावर” के अधिकार को समाप्त करने की दिशा में भारत को निर्णायक भूमिका निभानी चाहिए। यह विचार राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं “वीर चक्र” से सम्मानित कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने गांधी स्मृति, 30 जनवरी मार्ग, नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए।

यह कार्यक्रम 6 जनवरी 2026 को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विजय गोयल द्वारा आयोजित किया गया था। कार्यक्रम का उद्देश्य 30 जनवरी को प्रधानमंत्री के प्रस्तावित आगमन की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श करना था। इस अवसर पर राजधानी दिल्ली के अनेक प्रतिष्ठित एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए कर्नल त्यागी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कुछ देशों को मिला वीटो पावर का विशेषाधिकार आज वैश्विक शांति के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में अमेरिका द्वारा वेनेजुएला सहित अन्य देशों के खिलाफ की जा रही सैन्य और आर्थिक धमकियां संयुक्त राष्ट्र चार्टर की मूल भावना का उल्लंघन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्यूबा, मेक्सिको, कोलंबिया, ईरान और ग्रीनलैंड जैसे देशों के विरुद्ध कार्रवाई की धमकियों के पीछे वीटो पावर का अनुचित दुरुपयोग है।

कर्नल त्यागी ने यह भी कहा कि कुछ अमेरिकी सीनेटरों द्वारा भारत पर 500 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने जैसे बयान वैश्विक शक्ति संतुलन के लिए गंभीर संकेत हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इन सभी घटनाओं की जड़ में वीटो पावर की असमान और अवैध व्यवस्था है, जिसे अब समाप्त किया जाना चाहिए।

उन्होंने ऐतिहासिक तथ्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि वीटो पावर के विरोध की पहल स्वयं भारत ने वर्ष 1945 में की थी। उस समय भारत के प्रतिनिधि सर आर्कोट रामास्वामी मुदलियार ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर के गठन के दौरान वीटो पावर के लिए 10 वर्षों की समाप्ति अवधि तय करने का प्रस्ताव रखा था। कर्नल त्यागी ने बताया कि सेंटर फॉर यूनाइटेड नेशंस कॉन्स्टिट्यूशनल रिसर्च (CUNCR) के निदेशक डॉ. शहरयार शरीफ ने संयुक्त राष्ट्र के दस्तावेजों के आधार पर भारत की इस ऐतिहासिक भूमिका को उजागर किया है।

उन्होंने कहा कि मैसूर के पूर्व दीवान और यूनेस्को के प्रथम अध्यक्ष सर आर्कोट रामास्वामी मुदलियार ने सैन फ्रांसिस्को सम्मेलन में स्टालिन, रूजवेल्ट और चर्चिल के समक्ष यह स्पष्ट प्रस्ताव रखा था कि यदि महासभा के दो-तिहाई सदस्य और सुरक्षा परिषद के नौ सदस्य, स्थायी सदस्यों के साथ या बिना उनके समर्थन करें, तो वीटो प्रावधान में संशोधन संभव है। इस प्रावधान को संयुक्त राष्ट्र चार्टर की धारा 109 में शामिल किया गया है।

कार्यक्रम में एनसीईआरटी के पूर्व निदेशक एवं पद्मश्री से सम्मानित जगमोहन सिंह राजपूत ने कर्नल त्यागी के विचारों का समर्थन करते हुए कहा कि आज के बदलते वैश्विक परिदृश्य में इस प्रस्ताव पर गंभीरता से काम करने की अत्यंत आवश्यकता है।

इस अवसर पर रेखा गुप्ता, सतपाल, यूनाइटेड रेजिडेंट्स दिल्ली के महासचिव सौरभ गांधी, कोरवा की उत्तर प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष गौरव सेनानी ज्ञान सिंह, गौरव सेनानी चंदन सिंह, गौरव सेनानी गणेश दत्त, वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक नागपाल, संजय कुमार सहित सैकड़ों गणमान्य लोगों ने भाग लिया। सभी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल को शुभकामनाएं दीं और 30 जनवरी को प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान व्यवस्थाओं में सहयोग का आश्वासन दिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।