मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण: गौतमबुद्ध नगर में ड्राफ्ट सूची जारी
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Buddha Nagar News (07/01/2026): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया के तहत मंगलवार को ड्राफ्ट (आलेख्य) मतदाता सूची जारी कर दी गई। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर तैयार इस सूची को जनसामान्य के निरीक्षण के लिए 6 फरवरी 2026 तक सभी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि, गौतमबुद्ध नगर जिले की नोएडा (61), दादरी (62) और जेवर (63) विधानसभा सीटों के अंतर्गत आने वाले सभी नामित स्थलों और मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची प्रदर्शित कर दी गई है। इस अवधि में मतदाता अपने नाम, विवरण और अन्य प्रविष्टियों की जांच कर सकेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
ड्राफ्ट सूची के अनुसार उत्तर प्रदेश में अब कुल 12 करोड़ 55 लाख मतदाता दर्ज हैं, जबकि पहले यह संख्या 15.44 करोड़ थी। यानी लगभग 2.89 करोड़ नामों में कमी आई है। गौतमबुद्ध नगर जिले की बात करें तो यहां से 4,47,471 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, जिसे प्रशासन मतदाता सूची की शुद्धता की दिशा में अहम कदम बता रहा है।
ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) मौजूद रहे। केंद्रों पर पहुंचे नागरिकों को मतदाता सूची में उनके नाम दिखाए गए और आवश्यक जानकारी दी गई, ताकि किसी भी त्रुटि का समय रहते सुधार किया जा सके।
निर्वाचन विभाग के अनुसार 6 फरवरी 2026 तक विभिन्न प्रकार के फॉर्म स्वीकार किए जाएंगे।
* फॉर्म-6: नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए
* फॉर्म-6क: प्रवासी मतदाताओं के पंजीकरण हेतु
* फॉर्म-7: नाम जोड़ने पर आपत्ति या नाम हटाने के लिए
* फॉर्म-8: पता परिवर्तन, प्रविष्टियों में संशोधन, फोटो पहचान पत्र के प्रतिस्थापन व दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन के लिए
ये फॉर्म प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान केंद्रों पर नियुक्त अधिकारियों द्वारा लिए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि, 1 जनवरी 2008 से पहले जन्मे नागरिक नए मतदाता के रूप में आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी फॉर्म भर सकते हैं। जिन मामलों में फॉर्म तो मिले हैं लेकिन मैपिंग नहीं हुई, ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाएगा। सभी दावों-आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
मतदाता अपने नाम की जांच के लिए कई माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं—
* निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in
* मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in
* Voter Helpline App
* जिला वेबसाइट gbnagar.nic.in
इसके अलावा, संबंधित बीएलओ से संपर्क कर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
गौतमबुद्ध नगर में मतदाता आंकड़ों के डिजिटलीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है।
* कुल पंजीकृत मतदाता: 18,65,673
* डिजिटाइज फॉर्म: 14,18,202
* डिजिटाइजेशन प्रतिशत: 76.02%
विधानसभावार स्थिति में जेवर विधानसभा लगभग 79.81% के साथ सबसे आगे है, जबकि दादरी में 77.41% और नोएडा में 72.89% डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। प्रशासन का कहना है कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य फर्जी, मृत, स्थानांतरित और दोहरे नामों को हटाकर मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से अंतिम सूची को और अधिक सटीक बनाया जाएगा। निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा में अपनी प्रविष्टियों की जांच करें और आवश्यकता होने पर संशोधन कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाएं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।