यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (04/01/2026): ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक्सप्रेसवे पर हुए एक गंभीर सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। पीछे से आ रही तेज गति की बोलोरो गाड़ी ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान शनिवार शाम उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला हुकमसिंह गांव निवासी 23 वर्षीय संजीत पुत्र रतनलाल के रूप में हुई है। संजीत नोएडा फेज-2 स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था और रोजाना की तरह बाइक से ही नौकरी पर आया-जाया करता था। परिजनों के अनुसार वह परिवार का सहारा था और उसकी असमय मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस के मुताबिक यह हादसा शुक्रवार रात उस समय हुआ, जब संजीत अपनी ड्यूटी समाप्त कर यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गांव लौट रहा था। जीरो प्वाइंट से करीब 23 किलोमीटर दूर मोहम्मदाबाद खेड़ा गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलोरो ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजीत सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद बुलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और घायल संजीत को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने के कारण उसे गहन चिकित्सा में रखा गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद शनिवार शाम उसने दम तोड़ दिया।

रबूपुरा कोतवाली पुलिस ने बताया कि घटना के कुछ ही समय बाद आरोपी चालक को जेवर टोल प्लाजा से पकड़ लिया गया। पुलिस ने वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे के बाद एक बार फिर यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मुद्दा सामने आया है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद चालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे गति सीमा का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।