इकोटेक-3 में पुलिस- बदमाश मुठभेड़, पैर में गोली लगने से शातिर लुटेरा घायल
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (04/01/2026): ग्रेटर नोएडा के थाना इकोटेक-3 क्षेत्र में देर शाम पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तत्काल काबू में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इकोटेक-3 थाना पुलिस जलपुरा स्थित बिजली घर के समीप नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन युवक ने बिना रुके अपनी बाइक मोड़ते हुए हबीबपुर की दिशा में तेज़ी से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर बदमाश की मोटरसाइकिल असंतुलित होकर फिसल गई।
अपने आप को पुलिस से घिरा देख बदमाश ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी। घायल अवस्था में उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
घायल बदमाश की पहचान बिसरख थाना क्षेत्र के ग्राम बिसरख निवासी अजयनाथ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, लाल मिर्च पाउडर का पैकेट, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेज दिया है, जहां उसका इलाज जारी है।
इस संबंध में सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। वह राह चलते लोगों की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर, हापुड़ और सहारनपुर जिलों में लूट और चोरी के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। डीसीपी ने बताया कि आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और आम लोगों को राहत मिलेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।