यमुना एक्सप्रेसवे सर्विस रोड पर दर्दनाक हादसा, ट्रक क्लीनर की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (04/01/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक पर कार्यरत एक क्लीनर की जान चली गई। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जेवर कोतवाली क्षेत्र के ढूढेरा गांव निवासी अशोक कुमार ने दनकौर कोतवाली में तहरीर दी है कि उनका पुत्र विवेक कुमार एक ट्रक पर क्लीनर के रूप में कार्य करता था। शुक्रवार रात वह ट्रक के साथ रबपुरा से नोएडा की ओर जा रहा था। इसी दौरान यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर चलते समय ट्रक का पीछे लगा डाला अचानक खुल गया।

डाला खुलने की जानकारी मिलते ही विवेक ट्रक से नीचे उतरा और उसे ठीक करने लगा। उसी समय पीछे से तेज गति में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि विवेक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई थी, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर शनिवार को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस घटना की गहन जांच कर रही है और आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा अन्य तकनीकी और स्थानीय साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार वाहन चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा और विधिक कार्रवाई के तहत जेल भेजा जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।