बीमारी के बावजूद अडिग मास्टर श्यौराज, 5 जनवरी को फलैदा कट पर पंचायत तय
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (03/01/2026): फलैदा कट से जुड़ी लंबे समय से चल रही जनहित की लड़ाई एक बार फिर सुर्खियों में है। पिछले कई महीनों से लगातार धरना और आंदोलन कर रहे संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर श्यौराज ने साफ कर दिया है कि किसी भी परिस्थिति में 5 जनवरी को प्रस्तावित पंचायत स्थगित नहीं होगी। भीषण ठंड और लगातार चल रहे आंदोलन के कारण उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें कैलाश अस्पताल, जेवर में भर्ती कराया गया था।
सूत्रों के अनुसार, मास्टर श्यौराज को तेज बुखार, खांसी और एलर्जी की शिकायत के साथ पूरे शरीर में खुजली, चेहरे व शरीर में सूजन की समस्या उत्पन्न हो गई थी। डॉक्टरों ने उन्हें आराम और अस्पताल में कुछ दिन और रुकने की सलाह दी, लेकिन जनहित से जुड़े आंदोलन को सर्वोपरि बताते हुए उन्होंने शनिवार दोपहर करीब 12 बजे दवाइयां लिखवाकर अस्पताल से छुट्टी ले ली।
राष्ट्रीय अध्यक्ष की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही संगठन के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल बन गया। लगातार फोन कॉल आने लगे और पंचायत को लेकर संशय जताया जाने लगा। हालांकि, मास्टर श्यौराज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आंदोलन से पीछे हटने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष जनहित का है और वे आखिरी सांस तक अपने संकल्प पर अडिग रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जब सिर ओखली में दे दिया है तो अब बीमारी जैसे मूसल से डरने का कोई कारण नहीं है। उनका साफ संदेश था कि चाहे हालात जैसे भी हों, पंचायत होकर रहेगी और आंदोलन अपनी पूरी ताकत के साथ जारी रहेगा।
गौरतलब है कि फलैदा कट से जुड़ी मांगों को लेकर बीते पांच महीनों से लगातार धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। ठंड, बारिश और अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद आंदोलनकारी मौके पर डटे हुए हैं। इस दौरान कई बार प्रशासन से वार्ता हुई, लेकिन समाधान न निकलने के कारण आंदोलन और तेज होता गया।
अब सभी की नजरें 5 जनवरी को होने वाली पंचायत पर टिकी हैं, जिसे आंदोलन की दिशा और दशा तय करने वाला अहम पड़ाव माना जा रहा है। संगठन का दावा है कि इस पंचायत में बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे और आगे की रणनीति पर सामूहिक निर्णय लिया जाएगा। बीमारी के बावजूद मास्टर श्यौराज का यह रुख कार्यकर्ताओं में नया जोश भर रहा है और आंदोलन को और मजबूती मिलने की बात कही जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।