चौपाल के कार्यक्रम में 200 महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन हेतु लघु ऋण वितरित

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (03 दिसंबर 2024): सिद्धोमल चैरिटेबल ट्रस्ट, सेवा भारती दिल्ली, और स्वदेशी जागरण फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में चौपाल ने अपने 147वें कार्यक्रम के अंतर्गत 200 कामकाजी महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन हेतु लघु ऋण वितरित किए। यह भव्य समारोह 1 दिसंबर 2024 को नई दिल्ली स्थित रानी लक्ष्मीबाई पार्क में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा दिल्ली प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष आदेश गुप्ता, एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल, आरके पुरम के विभाग संघ चालक बृजेश पांडे, और सेवा भारती दिल्ली के महामंत्री सुशील गुप्ता समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस आयोजन का संयोजन प्रशांत शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष (भाजपा, नई दिल्ली) और प्रवीण बंसल ने किया।

चौपाल का उद्देश्य और योगदान:

कार्यक्रम में टेन न्यूज नेटवर्क से खास बातचीत में प्रवीण बंसल ने कहा, “चौपाल एक आंदोलन है, जो सेवा भाव से काम करने का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प और संघ के मूल सिद्धांतों से प्रेरित होकर, चौपाल 2010 से झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाली कामकाजी बहनों को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए कार्यरत है। अब तक 45,000 से अधिक महिलाएं इस पहल से लाभान्वित हो चुकी हैं।”

उन्होंने एक उदाहरण साझा करते हुए बताया कि एक महिला ने लोन से फ्रिज खरीदा और गर्मियों में ठंडे पेय पदार्थ बेचकर अपनी आय 5,000 से 10,000 रुपये प्रतिमाह तक बढ़ा ली। “चौपाल महिलाओं को छोटे व्यवसायों के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करता है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनती हैं और समाज में प्रेरणा का केंद्र भी बनती हैं,” बंसल ने कहा।

कार्यक्रम की विशेषताएं:

प्रशांत शर्मा ने कार्यक्रम की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया, “नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में इस प्रकार का कार्यक्रम पहली बार हुआ है। चौपाल ने सेवा बस्तियों की 200 महिलाओं को 20-20 हजार रुपये का ब्याज-मुक्त लघु ऋण दिया है। यह ऋण चार महीने की अवधि में 11 किस्तों में चुकाना होता है।”

उन्होंने आगे बताया कि ऋण वितरण से पहले महिलाओं का सर्वे किया जाता है और उन्हें 10-10 के समूह में जोड़ा जाता है। प्रत्येक समूह की महिलाएं एक-दूसरे की गारंटी लेती हैं, जिससे चौपाल का लोन रिकवरी रेट 98% से भी अधिक है। “यह महिलाओं की ईमानदारी और विश्वास का प्रमाण है। इस कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र की महिलाएं सशक्त होंगी और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेंगी,” उन्होंने कहा।

समाज में चौपाल का योगदान:

यह कार्यक्रम चौपाल के निरंतर सेवा और समर्पण का प्रतीक है। चौपाल का यह प्रयास न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने में सहायक है, बल्कि समाज में एक नई प्रेरणा भी स्थापित करता है। चौपाल का यह सफर महिलाओं को सशक्त बनाने के अपने उद्देश्य में सफलता की ओर निरंतर बढ़ रहा है।।

40 lakhs loan were distributed to 200 Women’s for Empowering them | Choupal | Photo Highlights

टिप्पणियाँ बंद हैं।