NOIDA News (12/12/2025): उत्तर प्रदेश को एक बड़ी उपलब्धि मिली, जब अमेरिकी टेक कंपनी एप्पल ने नोएडा के डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया में अपना पहला आधिकारिक रिटेल स्टोर शुरू कर दिया। इसके साथ ही यह स्टोर देश में एप्पल का पांचवां और अब तक का सबसे बड़ा एवं महंगा स्टोर बन गया है।
लॉन्चिंग के दौरान बड़ी संख्या में ग्राहक स्टोर के बाहर लाइन में नजर आए। स्टोर खुलने के साथ ही एप्पल टीम के सदस्यों ने तालियां बजाकर आगंतुकों का स्वागत किया। ग्राहकों को स्टोर में सभी प्रमुख एप्पल प्रोडक्ट्स—जैसे iPhone 17 सीरीज, Apple Watch Series 11, Ultra मॉडल, MacBook Pro, iPad Pro और अन्य प्रीमियम डिवाइस एक ही स्थान पर देखने और अनुभव करने का मौका मिला।
स्टोर में पहले दिन से ही 80 से अधिक प्रशिक्षित एक्सपर्ट मौजूद रहेंगे, जो न केवल डिवाइसेज की तकनीकी जानकारी देंगे बल्कि ग्राहकों को कस्टम सेटअप, Android से iOS में स्विचिंग सपोर्ट, Apple Trade-In और EMI विकल्प जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराएंगे।
साथ ही यहाँ नियमित रूप से फ्री क्रिएटिव वर्कशॉप्स का आयोजन होगा, जिनमें संगीत, फोटोग्राफी, कोडिंग और आर्ट जैसे विषयों पर सत्र लिए जाएंगे। इसे एक ऐसे इनोवेशन-स्पेस की तरह तैयार किया गया है, जहां लोग सीख सकें और नए विचारों पर काम कर सकें। नोएडा स्टोर का इंटीरियर और बैरिकेड्स भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित हैं। डिजाइन में भारतीयता की झलक के साथ आधुनिकता का संतुलन दिखाई देता है, जिसकी वजह से यह स्टोर देखने वालों के लिए एक लाइफस्टाइल अनुभव बन जाता है।
स्टोर का किराया इन दिनों सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में है। CRE Matrix एजेंसी के मुताबिक, कुल क्षेत्रफल: 8,240.78 वर्ग फुट (ग्राउंड फ्लोर की छह यूनिट), लीज अवधि: 11 साल ,पहला साल किराया नहीं देना होगा। दूसरे साल से किराया 263.15 रुपये प्रति वर्ग फुट, मासिक किराया लगभग 45.3 लाख रुपये, सालाना भुगतान लगभग 5 करोड़ रुपये से अधिक, हर तीन साल में 15% वृद्धि, कुल अनुमानित किराया करीब 65 करोड़ रुपये, यह डील भारत के रिटेल सेक्टर की सबसे हाई-प्रोफाइल किराया समझौतों में से एक मानी जा रही है।
रिटेल विशेषज्ञों के अनुसार डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया देश के शीर्ष शॉपिंग डेस्टिनेशनों में गिना जाता है। यह नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, मेरठ, आगरा और दक्षिण दिल्ली जैसे बड़े और समृद्ध इलाकों से सीधे जुड़ा है। यहां प्रीमियम गैजेट्स खरीदने वाली ग्राहक संख्या काफी बड़ी है, जिसकी वजह से एप्पल ने इसे रणनीतिक रूप से बेहद उपयुक्त स्थान माना।
एप्पल का यह कदम उत्तर भारत के रिटेल बाजार में उसकी मौजूदगी को मजबूत करेगा और कंपनी के भारतीय विस्तार रणनीति में अहम भूमिका निभाएगा।मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और पुणे में पहले ही स्टोर खोले जा चुके हैं। नोएडा स्टोर के साथ कंपनी ने साफ संकेत दिया है कि वह भारत को अपने सबसे महत्वपूर्ण रिटेल बाजारों में बदलने के लिए गंभीर है।कुल मिलाकर, नोएडा में एप्पल के पहले स्टोर का खुलना केवल टेक प्रेमियों के लिए नहीं, बल्कि उत्तर भारत की रिटेल इंडस्ट्री के लिए भी एक मुख्य उपलब्धि साबित होगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।