शीशमहल बना ‘आपदा फैलाने वालों का अड्डा’: बीजेपी ने जारी किया नया सॉन्ग

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (11 जनवरी 2025): दिल्ली भाजपा ने अरविंद केजरीवाल सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए “शीशमहल आपदा फैलाने का अड्डा” नामक एक गाना जारी किया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आज एक संवाददाता सम्मेलन में यह गाना लॉन्च किया, जिसमें आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के टैक्सपेयर्स के पैसों का दुरुपयोग करके अपना आलीशान शीशमहल तैयार किया।

इस मौके पर भाजपा ने “आप-दा-ए-आज़म” शीर्षक वाला एक पोस्टर भी जारी किया, जो दिल्ली के विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार और धन के दुरुपयोग पर कटाक्ष करता है। संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, प्रदेश प्रवक्ता विक्रम मित्तल और सोशल मीडिया प्रमुख डॉ. रोहित उपाध्याय भी मौजूद रहे।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “दिल्ली को एक ईमानदार नेता की उम्मीद थी, लेकिन अरविंद केजरीवाल ने अपने आचरण और चरित्र में परिवर्तन कर भ्रष्टाचार का नया चेहरा पेश किया। जिस तरह मुगलकाल में महलों को देखने लोग आते थे, आज केजरीवाल का शीशमहल दिल्ली के माथे पर कलंक बन चुका है।”

भाजपा अध्यक्ष ने केजरीवाल को “आप-दा-ए-आज़म” की संज्ञा दी और आरोप लगाया कि उन्होंने दिल्ली की मेहनतकश जनता का खून-पसीना लूटकर अपने निजी हित साधे। उन्होंने कहा, “आज दिल्ली विकास कार्यों के लिए तरस रही है, लेकिन केजरीवाल उन्हें गालियां देने और उनकी शिकायतों को नज़रअंदाज़ करने में व्यस्त हैं।”

भाजपा का कहना है कि शीशमहल भ्रष्टाचार और जनता के पैसे के दुरुपयोग का प्रतीक है। इस गाने और पोस्टर के ज़रिए पार्टी ने दिल्लीवासियों से इस मुद्दे पर जागरूक होने और इसके खिलाफ आवाज़ उठाने की अपील की है।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।