साधुओं के शरण में अरविंद केजरीवाल: सनातन सेवा समिति के पदाधिकारियों की घोषणा, पुजारियों और संतों को नया मंच

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (11 जनवरी 2025): आम आदमी पार्टी (आप) ने सनातन सेवा समिति के गठन के बाद शुक्रवार को इसके पदाधिकारियों की घोषणा की। दिल्ली प्रदेश संयोजक और कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने समिति के प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष सहित 8 पदाधिकारियों के नामों की सूची जारी की। पार्टी ने घनेंद्र भारद्वाज को प्रदेश प्रभारी और विजय शर्मा को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। सनातन सेवा समिति का उद्देश्य पुजारियों और संत समाज को एकजुट कर उन्हें उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक मंच प्रदान करना है।

पार्टी के अनुसार, भाजपा के मंदिर प्रकोष्ठ को छोड़कर सैकड़ों पुजारी और संत ‘‘आप’’ की सनातन सेवा समिति में शामिल हो चुके हैं। इस समिति के पदाधिकारियों में जितेंद्र शर्मा को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, सरदार राजिंदर सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष, ब्रिजेश शर्मा को प्रदेश संगठन मंत्री, मनीष गुप्ता और सरदार राजिंदर सिंह (हनी) को प्रदेश सचिव और दुष्यंत शर्मा को प्रदेश संयुक्त सचिव बनाया गया है।

इस अवसर पर गोपाल राय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल द्वारा शुरू की गई पुजारी-ग्रंथी सम्मान योजना ने पुजारियों और संत समाज को एक नई उम्मीद दी है। इस योजना के तहत मंदिरों के पुजारियों और गुरुद्वारों के ग्रंथियों को हर महीने 18 हजार रुपए प्रतिमाह देने की गारंटी दी गई है।

8 जनवरी को आम आदमी पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुजारी और संत शामिल हुए थे। उन्होंने केजरीवाल सरकार की योजनाओं की सराहना की। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी, योगेश्वराचार्य जी महाराज, जगदगुरु स्वामी अवधेश प्रपन्नाचार्य जी महाराज, और आचार्य श्री मधुर दास जी महाराज सहित प्रमुख संतों और महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।

अरविंद केजरीवाल ने कहा, “मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि भगवान ने मुझे सनातन धर्म के लिए सेवा का अवसर दिया। भाजपा ने अपने मंदिर प्रकोष्ठ से जुड़े पुजारियों और संतों के लिए कुछ नहीं किया, लेकिन आम आदमी पार्टी ने जो कहा, उसे निभाया है।”

सनातन सेवा समिति के गठन और पदाधिकारियों की घोषणा के साथ ‘‘आप’’ ने पुजारी और संत समाज को नई दिशा देने की पहल की है। पार्टी का दावा है कि यह कदम सनातन धर्म के अनुयायियों और सेवकों के हितों की रक्षा करने में मील का पत्थर साबित होगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।