नोएडा में तेज रफ्तार डंपर ने मारी टक्कर: ई-रिक्शा सवार महिला और चालक की मौत!

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (26/11/2025): नोएडा सेक्टर-49 रेड लाइट के पास सोमवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना उस समय हुई जब एक तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की पूरी वारदात पास ही मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।

एडिशनल डीसीपी नोएडा शैव्या गोयल के अनुसार दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक मोहम्मद अनीस (30), निवासी कुलेसरा, और दिल्ली की रहने वाली 35 वर्षीय राजेंद्रि की मौके पर ही मौत हो गई। राजेंद्रि के पति राजू को गंभीर चोटें आईं, हालांकि उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। तीनों शहर के सिटी सेंटर क्षेत्र की ओर जा रहे थे कि पीछे से आया डंपर अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा से जा टकराया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा का पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। अनीस और राजेंद्रि डंपर के पहियों की चपेट में आ गए, जिससे उनके सिर एवं शरीर पर गंभीर चोटें आईं और दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, राजू गिरकर सड़क के दूसरी ओर जा पहुंचे, जिससे उनकी जान बच गई। प्राथमिक जांच में पता चला है कि हादसे में शामिल डंपर नोएडा प्राधिकरण से संबंधित है। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग निकला, लेकिन पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। डंपर को भी जब्त कर लिया गया है।

सेक्टर-39 थाना प्रभारी ने बताया कि राजेंद्रि और उनके पति राजू नोएडा में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों ई-रिक्शा से वापस लौट रहे थे कि रास्ते में यह दुर्घटना हो गई। परिजनों की शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हादसे का भयावह वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा है। फुटेज में महिला को डंपर के आगे गंभीर स्थिति में पड़े देखा जा सकता है। घटना के तुरंत बाद वहां बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए ट्रैफिक भी बाधित हो गया। पुलिस टीम ने भीड़ हटाकर यातायात बहाल किया और क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा को सड़क किनारे कराया। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों से भी जवाबदेही तय की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।