तिगड़ी गोलचक्कर पर चली गोली: आपसी विवाद में युवक के पैर में लगी गोली, दो अन्य घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (04/11/2025): बिसरख थाना क्षेत्र के तिगड़ी गोलचक्कर के पास सोमवार रात आपसी विवाद के दौरान गोली चलने से हड़कंप मच गया। इस घटना में एक युवक के पैर में गोली लग गई, जबकि दो अन्य युवक झगड़े में घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब सात बजे तिगड़ी गोलचक्कर के पास रहने वाले लव कुमार और उसके परिचित सचिन के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान सचिन अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर लव कुमार की पिटाई करने लगा।

मामले की जानकारी मिलते ही लव कुमार का दोस्त गौरव मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। इस पर गुस्से में आकर सचिन ने पिस्टल निकाल ली और गौरव पर फायर झोंक दिया। गोली गौरव के पैर में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार, गोली लगने से घायल गौरव और पिटाई में घायल लव कुमार की हालत फिलहाल स्थिर है।

थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि घायल पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी सचिन और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। उन्होंने कहा कि घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद करने और विवाद के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

लव कुमार और सचिन के बीच पहले भी आपसी कहासुनी हो चुकी थी, लेकिन सोमवार को मामला हिंसा तक पहुंच गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।