गर्भवती महिला पर हमला: जेवर के दयानतपुर गांव में पड़ोसियों की दबंगई, चार के खिलाफ केस दर्ज

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (04/11/2025): जेवर कोतवाली क्षेत्र के दयानतपुर गांव में सोमवार सुबह तीन माह की गर्भवती महिला के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, घरेलू विवाद के चलते पड़ोसियों ने घर में घुसकर महिला को बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।

पीड़िता पूजा ने कोतवाली में दी शिकायत में बताया कि सोमवार सुबह उनके पति ड्यूटी पर गए हुए थे। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाली अनु, उसके ससुर देवेंद्र और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने उनके घर में जबरन घुसकर हमला कर दिया। पूजा के अनुसार, हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। तीन माह की गर्भवती होने के कारण उनकी हालत बिगड़ गई और परिजनों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने बताया कि महिला को अंदरूनी चोटें आई हैं, और गर्भ पर भी असर पड़ने की आशंका के चलते फिलहाल उसे निगरानी में रखा गया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि हमलावरों से उनका पुराना विवाद चल रहा था। उसी रंजिश के चलते आरोपियों ने जानलेवा हमला किया। घटना की सूचना मिलते ही जेवर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल जाकर पीड़िता के बयान दर्ज किए।

कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि, पूजा की शिकायत के आधार पर अनु, देवेंद्र और दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी पक्ष और पीड़िता के परिवार के बीच जमीन के विवाद को लेकर पिछले कुछ महीनों से तनाव बना हुआ था। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए, ताकि गांव में दोबारा शांति बहाल हो सके।पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।