दिल्ली प्रदूषण पर सिरसा का बड़ा बयान: “AAP हिंदू त्योहारों को दोषी ठहराने की कोशिश में लगी है”

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (22 October 2025): दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने राजधानी में बढ़ते प्रदूषण संकट पर आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोला है। एक निजी समाचार एजेंसी को दिए विशेष साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि AAP एक खास वोट बैंक को खुश करने के लिए तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है और जानबूझकर हिंदू त्योहारों और सनातनियों को निशाना बना रही है। सिरसा ने कहा कि दिवाली को प्रदूषण से जोड़ना “एक सोची-समझी साजिश” है और यह कहना कि दीपावली के दीयों और पटाखों से प्रदूषण फैलता है, “सिर्फ़ जनता को गुमराह करने का तरीका” है।

“विपक्ष दिल्ली की सफाई देखकर परेशान”

सिरसा ने कहा कि विपक्ष ने पिछले दस सालों में दिल्ली को बर्बाद कर दिया और अब जब नई सरकार ने सिर्फ सात महीनों में सुधार दिखाया है तो उन्हें यह अच्छा नहीं लग रहा। उन्होंने बताया कि “रेखा गुप्ता की सरकार के 7 महीनों में दिल्ली से 25 लाख मेट्रिक टन कूड़ा हटाया गया है। आज दिल्ली की बसें पूरी तरह इलेक्ट्रिक हो चुकी हैं और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी के लिए सभी ऑटो अब ई-ऑटो में तब्दील किए जा चुके हैं।”

निर्माण स्थलों और उद्योगों पर कड़ी निगरानी

सिरसा ने बताया कि दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) के माध्यम से 500 से अधिक बड़े निर्माण स्थलों की निगरानी की जा रही है। इन साइट्स पर धूल नियंत्रण और ग्रीन कवर बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा 15,000 से अधिक पुनर्स्थापित उद्योगों को नियमित किया गया है, जिनमें से 6,000 को पर्यावरणीय मानदंडों के अंतर्गत लाया गया है। सिरसा के अनुसार, “इससे औद्योगिक प्रदूषण में भारी कमी आई है और यमुना में गिरने वाला सीवेज भी अब नियंत्रित हो रहा है।”

“यमुना सफाई पर बड़े पैमाने पर काम जारी”

मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारें यमुना सफाई पर केवल दावे करती रहीं, लेकिन वर्तमान सरकार ने ठोस कार्रवाई की है। “जो सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) बिना निगरानी के चल रहे थे, उन्हें अब पूरी तरह पुनर्स्थापित किया गया है,” उन्होंने कहा। सिरसा के मुताबिक, “कई विकेंद्रीकरण परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है और बहुत जल्द यमुना का पानी काफी हद तक स्वच्छ दिखाई देगा।”

“दिवाली को दोष देना आंकड़ों से परे”

दिवाली के बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में मामूली बदलाव का हवाला देते हुए सिरसा ने कहा, “AAP के पास आंकड़ों की हेराफेरी के अलावा कुछ नहीं बचा है।” उन्होंने बताया कि दिवाली से पहले AQI 345 था और दिवाली के बाद यह सिर्फ 356 हुआ — यानी केवल 11 अंकों की बढ़ोतरी। “2020 में यह 414, 2021 में 382 था। हमारे समय में यह सबसे कम रहा। फिर भी विपक्ष दिवाली को दोषी ठहरा रहा है,” सिरसा ने कहा।

“AAP प्रदूषण को सांप्रदायिक रंग दे रही है”

जब उनसे पूछा गया कि क्या विपक्ष प्रदूषण को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहा है, तो सिरसा ने कहा, “यह उनका एजेंडा है। वे कल भी बात कर सकते थे जब AQI 345 था, पर नहीं बोले। क्योंकि उन्हें त्योहारों के ज़रिए सनातनियों को निशाना बनाना है।” उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि “हम उनके झूठ के सामने छोटे हैं, क्योंकि उनका झूठ इतना बड़ा है कि बड़े-बड़े लोग भी उनके सामने झुक जाते हैं।”

“पराली जलाने के पीछे भी AAP का हाथ”

सिरसा ने पंजाब सरकार पर आरोप लगाया कि AAP किसानों को पराली जलाने के लिए मजबूर कर रही है। उन्होंने कहा, “पंजाब के किसान पराली नहीं जलाना चाहते, उन्हें मजबूर किया जा रहा है। कई किसानों ने कैमरे पर कहा है कि उन्हें ऐसा करने को कहा गया।” उन्होंने आगे कहा कि “AAP के नेता अब कह रहे हैं कि ये किसान नकली हैं। क्या अब पंजाब के असली किसान भी उनके लिए नकली हो गए?”

सुप्रीम कोर्ट के फैसले और पटाखों पर नीति

पटाखों पर सुप्रीम कोर्ट के ताज़ा आदेश को लेकर सिरसा ने कहा, “आदेश दिवाली से ठीक 3 दिन पहले आया, फिर भी हमने दो दिन में सारे लाइसेंस जारी कर दिए। अगर यह आदेश 15 दिन पहले आता तो स्थिति और बेहतर होती।” उन्होंने कहा कि ग्रीन पटाखे पूरी तरह से पर्यावरणीय मानकों के तहत हैं और उनसे प्रदूषण में कोई भारी वृद्धि नहीं हुई है।

क्लाउड सीडिंग की तैयारी पूरी

दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए सरकार क्लाउड सीडिंग की दिशा में भी कदम बढ़ा रही है। सिरसा ने बताया कि “विमान तैयार हैं, पायलटों के लाइसेंस मिल चुके हैं और वैज्ञानिकों के साथ सारी तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं।” उन्होंने कहा कि “अब केवल मौसम विभाग की हरी झंडी का इंतज़ार है — जैसे ही पर्याप्त बादल बनेंगे, अगले एक हफ्ते में क्लाउड सीडिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।”

“दिल्ली अब बदलाव की राह पर है”

सिरसा ने कहा कि “AAP की 10 साल की बीमारी को ठीक करने में वक्त लगेगा, लेकिन दिशा सही है।” उन्होंने दावा किया कि दिल्ली अब तेजी से सुधार की राह पर है — सड़कों की सफाई, औद्योगिक प्रदूषण में कमी, और इलेक्ट्रिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट के विस्तार के ज़रिए शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में ठोस काम हो रहा है। सिरसा ने कहा, “हम पर आरोप लगाना विपक्ष की मजबूरी है, लेकिन हमारा फोकस साफ है — दिल्ली को सांस लेने लायक बनाना।।”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।