दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: BJP ने केजरीवाल, आतिशी और मनीष सिसोदिया के खिलाफ किसे उतारा?
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (04 जनवरी, 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में 29 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है।
नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बीजेपी ने प्रवेश साहिब सिंह वर्मा को मैदान में उतारा है। वहीं, कालकाजी सीट से मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ रमेश बिधूड़ी चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी ने अपने एक मौजूदा विधायक अनिल वाजपेयी का टिकट काटकर गांधी नगर सीट से अरविंदर सिंह लवली को उम्मीदवार बनाया है।
दिल्ली सरकार में मंत्री रहे और बाद में बीजेपी में शामिल हुए कैलाश गहलोत को नजफगढ़ की जगह बिजवासन सीट से टिकट दिया गया है। रोहिणी से विजेंद्र गुप्ता फिर से अपनी पुरानी सीट से चुनाव लड़ेंगे। राजौरी गार्डन से मनजिंदर सिंह सिरसा और मालवीय नगर से सतीश उपाध्याय को टिकट दिया गया है।
जंगपुरा से बीजेपी ने मनीष सिसोदिया के खिलाफ तरविंदर सिंह मारवाह को उतारा है, जबकि पटपड़गंज से अवध ओझा के सामने रविंद्र सिंह नेगी होंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम करोल बाग से उम्मीदवार बनाए गए हैं।
बीजेपी की इस सूची में दिल्ली की कई प्रमुख सीटों पर मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है। आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं के खिलाफ उतारे गए उम्मीदवार चुनावी माहौल को और गर्मा सकते हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।