ग्रेटर नोएडा (2 जनवरी 2024): ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र के साइट-5 स्थित एक एक्सपोर्ट कंपनी के एचआर मैनेजर ने ठगी का मामला दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने लिफ्ट लगाने के नाम पर कंपनी से बड़ी रकम हड़प ली। पुलिस ने कोर्ट के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एचआर मैनेजर के अनुसार, कुछ समय पहले उनकी मुलाकात अमित नामक युवक से हुई थी, जिसने कंपनी में लिफ्ट लगाने का प्रस्ताव दिया। बातचीत के बाद यह सौदा 13 लाख 84 हजार रुपये में तय हुआ। अमित ने 25 अप्रैल 2023 तक लिफ्ट का काम पूरा करने का वादा किया था। इसके तहत कंपनी ने उसे 50 प्रतिशत राशि एडवांस के तौर पर ट्रांसफर कर दी।
कंपनी प्रबंधन ने बताया कि लिफ्ट के लिए बेसमेंट में गड्ढा भी खोदा गया, लेकिन इसके बाद अमित ने काम रोक दिया। जब कंपनी ने दबाव डाला, तो उसने अतिरिक्त रकम की मांग की। इस पर कंपनी ने उसे ढाई लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए। बावजूद इसके, लिफ्ट लगाने का काम शुरू नहीं हुआ। कंपनी का कहना है कि बार-बार संपर्क करने के बावजूद अमित ने फोन और ईमेल का जवाब देना बंद कर दिया। इस धोखाधड़ी के चलते कंपनी को 50 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।
कंपनी ने पहले कासना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कंपनी ने कोर्ट का रुख किया। न्यायालय के आदेश पर कासना पुलिस ने अमित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। कासना थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कंपनी प्रबंधन को अब पुलिस जांच से न्याय मिलने की उम्मीद है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।