P-MEC India 2026: एक्सपो मार्ट में 24 से 26 नवंबर तक बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (23/11/2026): इंडिया एक्सपो मार्ट में 24 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले P-MEC India 2026 कार्यक्रम को लेकर गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने यातायात एडवाइजरी जारी की है। कार्यक्रम में करीब 15 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों के आवागमन, पार्किंग और वापसी के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे की ओर से आने वाले वाहन गलगोटिया कट से उतरकर एक्सपो मार्ट गोलचक्कर होते हुए नासा गोलचक्कर की पार्किंग में पहुंचेंगे। वहीं, सूरजपुर और परी चौक की ओर से आने वाले वाहन एलजी गोलचक्कर और शारदा गोलचक्कर होते हुए पार्किंग तक जाएंगे। यहां वाहन खड़े करने के बाद लोग एक्सपो मार्ट के गेट नंबर 1, 2, 3 और 4 से पैदल कार्यक्रम स्थल में प्रवेश कर सकेंगे। नॉलेज पार्क और परी चौक मेट्रो स्टेशन से आने वाले लोग मेट्रो से उतरकर पैदल एक्सपो मार्ट पहुंच सकते हैं।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग वापसी मार्ग तय किए गए हैं। दिल्ली और गाजियाबाद जाने वाले वाहन एलजी गोलचक्कर, साकीपुर, तिलपता और एकमूर्ति गोलचक्कर होते हुए शाहबेरी-किसान चौक या सूरजपुर, कुलेसरा और भंगेल एलिवेटेड मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं, नोएडा और दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन अल्फा कमर्शियल गोलचक्कर से अक्राधीन, डेल्टा-1 और पी-3 गोलचक्कर होते हुए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते जा सकेंगे।
नासा गोलचक्कर पर बनेगी 10 हजार वाहनों की पार्किंग
ट्रैफिक पुलिस ने नासा गोलचक्कर यानी बड़े गोलचक्कर पर सामान्य पार्किंग की व्यवस्था की है। यहां करीब 10 हजार हल्के वाहनों और 200 बसों को खड़ा करने की क्षमता है। बारिश के कारण यदि पार्किंग स्थल पर पानी भरता है तो वैकल्पिक पार्किंग का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके तहत केसीसी कॉलेज में 200, आईकॉनिक कॉलेज में 100, ट्रिनिटी कॉलेज में 150 और स्टेलर जिमखाना में 40 वाहनों की पार्किंग निर्धारित की गई है।
इसके अलावा एक्सपो मार्ट गोलचक्कर पर यातायात का दबाव बढ़ने पर इसे जरूरत के अनुसार बंद कर दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में गलगोटिया कट से आने वाले वाहनों को नासा, शारदा और एलजी गोलचक्कर होते हुए जगतफार्म की ओर भेजा जाएगा। कार्यक्रम समाप्त होने पर बसें एक्सपो मार्ट गेट नंबर 3 के सामने निर्धारित बस बॉक्स से आगंतुकों को लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगी।
गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की है। डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस और फायर सर्विस के वाहनों को सुरक्षित रास्ता दिया जाएगा। यातायात संबंधी परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर 9971009001, व्हाट्सऐप नंबर 7065100100 और एक्स हैंडल @noidatraffic पर संपर्क किया जा सकता है।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।