ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का अतिक्रमण पर बड़ा एक्शन, सहारा समतल में अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (23 नवंबर 2026): ग्रेटर नोएडा में सरकारी और प्राधिकरण की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में सोमवार सुबह छपरौला स्थित सहारा समतल इलाके में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर की मदद से अवैध रूप से बनाए गए कई मकानों, प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों और जमीन पर कब्जे के उद्देश्य से बनाई गई बाउंड्री वॉल को ध्वस्त कर दिया। करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई में लगभग तीन एकड़ यानी 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। प्राधिकरण के अनुसार, मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 24 करोड़ रुपये है।

यह कार्रवाई ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर की गई। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे प्राधिकरण के अधिकारी और कर्मचारी जेसीबी मशीनों तथा डंपरों के साथ मौके पर पहुंचे। बादलपुर कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में सुबह 9:30 बजे तक ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध रूप से निर्मित कई मकानों और प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों को जमींदोज कर दिया गया। इसके अलावा जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से बनाई गई बाउंड्री वॉल भी तोड़ दी गई।

कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताने का प्रयास किया, लेकिन प्राधिकरण की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में अभियान जारी रखा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट किया कि सहारा समतल क्षेत्र प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में आता है। ऐसे में यहां प्राधिकरण की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण करना नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण और कब्जे के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

एसीईओ ने आम लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में किसी भी जमीन या प्लॉट की खरीदारी करने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर उसकी वैधता और संबंधित दस्तावेजों की पूरी जानकारी प्राप्त कर लें। उन्होंने लोगों को अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत प्लॉटिंग के झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई निवेश करने से बचने की सलाह भी दी।

दरअसल, सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने अधिसूचित क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण और अतिक्रमण के मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके तहत परियोजना विभाग के सभी वर्क सर्किल को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध निर्माण हटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्राधिकरण की टीमें लगातार अलग-अलग इलाकों में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं।

सहारा समतल में अभियान पूरा करने के बाद प्राधिकरण की टीम शाहबेरी पहुंची। यहां एक जर्जर मकान को सील करने की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस की सहायता से सीलिंग की कार्रवाई जल्द पूरी की जाएगी।

सोमवार के इस अभियान में प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक (परियोजना) विजय रावल, वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक नितीश कुमार, सहायक प्रबंधक भूपेंद्र त्यागी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, पुलिस की ओर से चौकी प्रभारी विपिन कुमार और बादलपुर कोतवाली की टीम ने अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाली।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।