NOIDA News (23/09/2025): नोएडा सेक्टर-31 स्थित प्रेसिडियम स्कूल की कक्षा 6 की छात्रा तनिष्का शर्मा की अचानक हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। 4 सितम्बर को शिक्षक दिवस समारोह के दौरान हुई इस घटना ने स्कूल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक तनिष्का सुबह स्कूल में शिक्षक दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। दोपहर करीब 2 बजे उसने लंच किया और इसके बाद कक्षा से नीचे उतर रही थी। तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। स्कूल प्रशासन ने तुरंत उसे कैलाश अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम में छात्रा के मस्तिष्क में खून के थक्के पाए गए और प्रारंभिक आशंका ब्रेन हेमरेज की जताई गई है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए विसरा सुरक्षित किया गया है।
मां ने जताई व्यथा और उठाए सवाल
तनिष्का की मां त्रिप्ता शर्मा ने घटना के 15 दिन बाद एक वीडियो जारी कर न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने कहा, मेरी बेटी फूल जैसी थी, मैंने उसे परियों की तरह पाला। 4 सितम्बर की सुबह मैं खुद उसे स्कूल छोड़कर आई थी। 11:30 बजे मुझे फोन आया कि वह बेहोश हो गई है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। जब मैं पहुंची तो डॉक्टरों ने कहा कि मेरी बच्ची अब इस दुनिया में नहीं है। उस पल मेरी पूरी दुनिया उजड़ गई।
उन्होंने आगे कहा, आज 15 दिन हो गए हैं, लेकिन मुझे अब तक नहीं पता कि मेरी बेटी के आखिरी पल कैसे बीते। स्कूल, जिसे हम बच्चों का दूसरा घर मानते हैं, वहीं मेरी बच्ची की मौत हो गई। अब मेरी बेटी वापस नहीं आएगी, लेकिन मुझे उसका सच जानने का अधिकार है। मुझे बस उसकी मौत की सच्चाई और न्याय चाहिए।
स्कूल प्रशासन का बयान
स्कूल की प्रिंसिपल मानवता शारदा का कहना है कि, बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ी, हमने तुरंत उसे कैलाश अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जहां तक सीसीटीवी फुटेज की बात है, वह पुलिस के कब्जे में है। हम पूरी तरह से जांच में सहयोग कर रहे हैं। स्टाफ के बयान दर्ज हो चुके हैं और गिरने जैसी कोई घटना स्कूल में नहीं हुई।
पुलिस की जांच
डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने जानकारी दी कि घटना की सूचना 4 सितम्बर को थाना सेक्टर-20 पुलिस को मिली थी। मृतका का पंचायतनामा परिजनों की मौजूदगी में भरकर पोस्टमॉर्टम कराया गया। उन्होंने बताया कि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दिमाग में खून के थक्के पाए गए हैं। विसरा सुरक्षित कर लिया गया है ताकि मौत के कारणों की विस्तृत जांच हो सके। थाना सेक्टर-20 में मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।
तनिष्का शर्मा की मौत ने अभिभावकों में चिंता और आक्रोश दोनों पैदा किया है। परिवार का कहना है कि उन्हें बेटी के आखिरी पलों का सच जानना है, जबकि पुलिस जांच के आधार पर कारणों का पता लगाने का दावा कर रही है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और बिसरा रिपोर्ट पर टिकी हैं। पुलिस जांच के नतीजों और बिसरा रिपोर्ट से ही यह स्पष्ट होगा कि छात्रा की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसमें कोई लापरवाही या संदेहास्पद पहलू शामिल है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।