महागुन मार्डेन सोसाइटी में एओए अध्यक्ष पर गंभीर आरोप, चुनाव न होने को लेकर विवाद गहराया

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (09/09/2025): महागुन मॉडर्न सोसाइटी में रविवार को उस समय तनाव का माहौल बन गया जब अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) के अध्यक्ष सोमाधव यादव पर कुछ निवासियों द्वारा स्याही फेंकने का मामला सामने आया। इस घटना में कोषाध्यक्ष राहुल गोयल और सुरक्षाकर्मियों को भी निशाना बनाए जाने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलते ही सोमाधव यादव ने सेक्टर-113 थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

एओए अध्यक्ष सोमाधव यादव के अनुसार, रविवार को वे कोषाध्यक्ष राहुल गोयल के साथ सोसाइटी के एओए कार्यालय में चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान कुछ निवासी मिलने पहुंचे। उन्हें शिष्टाचारपूर्वक अंदर बुलाया गया और बातचीत शुरू हुई। बातचीत के दौरान अचानक कुछ लोगों ने अपशब्द कहने शुरू कर दिए और देखते ही देखते उन पर और अन्य मौजूद लोगों पर स्याही फेंक दी।

महागुन मार्डेन सोसाइटी में यह विवाद कोई नया नहीं है। निवासियों का आरोप है कि एओए वर्षों से बिना चुनाव के काम कर रही है। सोसाइटी में कॉमन एरिया मेंटेनेंस (CAM) चार्ज की पारदर्शिता को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। हाल ही में एओए द्वारा मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाए जाने का प्रस्ताव सामने आया था, जिसे निवासियों के भारी विरोध के चलते वापस लेना पड़ा था।

नाराज निवासियों ने गत सप्ताह एक विशेष बैठक बुलाई थी, जिसमें एओए के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास किया गया। साथ ही, चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने के लिए एक चुनाव समिति का गठन भी किया गया है। शनिवार को भी इसी मुद्दे पर कुछ निवासियों ने एओए अध्यक्ष से मुलाकात की थी, जहां बहस के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया था।

अध्यक्ष सोमाधव यादव का कहना है कि यह पूरी घटना सोची-समझी साजिश थी, जिसका उद्देश्य माहौल को बिगाड़ना और प्रशासन पर दबाव बनाना है। उन्होंने कहा, हम निवासियों के सवालों का जवाब देने को तैयार हैं, लेकिन इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। सेक्टर-113 थाना प्रभारी के अनुसार, एओए अध्यक्ष की शिकायत दर्ज कर ली गई है और घटना से जुड़े सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है। सोसाइटी में सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि सच्चाई सामने आ सके।

महागुन मार्डेन सोसाइटी में वर्षों से चल रहे प्रशासनिक विवाद ने अब एक गंभीर मोड़ ले लिया है। चुनाव, पारदर्शिता और वित्तीय जवाबदेही को लेकर उठ रहे सवाल अगर समय रहते नहीं सुलझाए गए, तो सोसाइटी में रहने वाले सैकड़ों परिवारों के लिए यह मामला और भी गंभीर बन सकता है। पुलिस और जिला प्रशासन की सक्रियता इस मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।