Nikki Murder/Suicide Case: गैस सिलेंडर ब्लास्ट या हत्या? जांच में होगा बड़ा खुलासा!

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (28/08/2025): सिरसा गांव में विवाहिता निक्की की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से हुई मौत के मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। जहां पहले दावा किया जा रहा था कि निक्की गैस सिलेंडर फटने की वजह से झुलसी, वहीं अब पुलिस जांच में कई विरोधाभासी तथ्य सामने आ रहे हैं। इनसे मामले की सच्चाई पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस की विवेचना के दौरान सामने आया है कि फोर्टिस अस्पताल, ग्रेटर नोएडा के एक डॉक्टर ने बयान दिया है कि घायल निक्की ने खुद बताया था कि वह गैस सिलेंडर फटने से जल गई। इसी बयान के आधार पर अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना देते हुए एक मेमो बनाकर भेजा था। लेकिन अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या निक्की ने यह बयान सच में दिया था, या वह किसी दबाव में बोल रही थी?

विशेष बात यह है कि हादसे के वक्त निक्की के पति विपिन मौके पर नहीं थे। ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि ससुराल पक्ष की उपस्थिति में उसने डर या दबाव में ऐसा बयान दिया हो।

जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो उन्हें गैस सिलेंडर फटने जैसा कोई साक्ष्य नहीं मिला। सिलेंडर सही सलामत था और फटने के कोई निशान नहीं थे। इसके विपरीत पुलिस को घटनास्थल से एक थिनर की लगभग खाली शीशी मिली। इससे यह आशंका गहराई है कि थिनर डालकर निक्की को जानबूझकर जलाया गया। इस एंगल से अब पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।

अस्पताल द्वारा पुलिस को भेजे गए मेमो में लिखा है: मरीज को घर में गैस सिलेंडर फटने से गंभीर रूप से झुलसी हालत में लाया गया है। इस मेमो में विपिन के चचेरे भाई देवेंद्र का नाम भी दर्ज है, जो उसे अस्पताल लेकर गया था। पुलिस के मुताबिक देवेंद्र खुद घटना के समय वहां मौजूद नहीं था। बाद में दिए बयान में उसने बताया कि उसे आग लगने की सही वजह की जानकारी नहीं थी, लेकिन कार में ससुराल पक्ष के कुछ सदस्य सिलेंडर फटने की बात कह रहे थे, जिससे उसने यही बात अस्पताल स्टाफ को बता दी।

स्थानीय लोगों और निक्की के मायके पक्ष का दावा है कि यह हादसा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या है। उनका कहना है कि जब ससुराल पक्ष के लोगों पर ही हत्या का आरोप है, तो निक्की उनके पक्ष में बयान क्यों देगी? वे मानते हैं कि या तो वह किसी मानसिक दबाव में थी, या उस समय होश की स्थिति में नहीं थी।

फिलहाल पुलिस सिलेंडर फटने के दावे और घटनास्थल से मिली वस्तुओं की फॉरेंसिक जांच कर रही है। निक्की के ससुराल वालों से भी पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा, अस्पताल स्टाफ से भी क्रॉस-वेरिफिकेशन के लिए बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वे हर एंगल से जांच कर रहे हैं, ताकि किसी निर्दोष को सजा न मिले और दोषी को बख्शा न जाए।

इस पूरे मामले में घटनाक्रम और बयानों में जो विरोधाभास सामने आ रहे हैं, वह इसे महज एक घरेलू हादसा मानने से रोकते हैं। अब देखना यह है कि पुलिस जांच में आखिर सच्चाई क्या सामने आती है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।