ग्रेटर नोएडा में स्वतंत्रता दिवस पर भव्य आयोजन, कवि मुकेश शर्मा की देशभक्ति कविताओं ने बांधा समां

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (14/08/2025): ग्रेटर नोएडा उद्योग व्यापार मंडल (पंजीकृत) (Greater Noida Udyog Vyapar Mandal) के तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस (Independence Day Celebration) का भव्य आयोजन क्राउन प्लाजा IHG होटल, सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा में किया गया। यह आयोजन 13 अगस्त को दोपहर 2:30 बजे से प्रारंभ हुआ जिसमें नगर के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों, समाजसेवियों, साहित्यकारों, प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।

इस कार्यक्रम में ध्वजारोहण, राष्ट्रीय गान, संस्कृतिक कार्यक्रम, विशिष्ट अतिथियों का अभिनंदन, तथा समाजसेवियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में निवेशश्री (Niveshshree) और लक्सोरिया ग्रुप (Luxoria Group) ने मुख्य प्रायोजक की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल के चेयरमैन रवि बंसल ने की, वहीं अध्यक्षता में चौधरी जगदीश पाल सिंह (अध्यक्ष) और महेश शर्मा (महामंत्री) सहित कार्यकारिणी के अन्य सदस्य – अंकुर मलिक, हितेश छाबड़िया, भोजराज सिंह, दिनेश सिंह, दीपक यादव, रामकुमार कनहैया मिश्रा, गुरदीप सिंह, वी.के. सिंह आदि भी उपस्थित रहे।

मुकेश शर्मा की देशभक्ति कविता ने छू लिए सबके दिल

कार्यक्रम में विशेष आकर्षण रहे प्रख्यात कवि एवं अधिवक्ता मुकेश शर्मा, जिन्होंने देशभक्ति से ओतप्रोत कविताओं के माध्यम से समारोह में एक नई ऊर्जा का संचार किया।

कार्यक्रम में अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए मुकेश शर्मा ने सबसे पहले सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा, 15 अगस्त की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। ग्रेटर नोएडा उद्योग व्यापार मंडल से मेरा एक आत्मीय रिश्ता है। इसके सभी सदस्य मेरे लिए परिवार के समान हैं। आज का दिन हम सभी के लिए गर्व और सम्मान का दिन है।

इसके बाद उन्होंने एक सुंदर कविता के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया: “फूल है और चंदन है, आज से हमारा अटूट बंधन है।”

उन्होंने आगे कहा, वीर कहलाते हैं वे जिनका लहू वतन के काम आता है। शहीद कहलाते हैं वे जिनकी शहादत से देश की माटी महकती है। आओ, झुक कर उन्हें सलाम करें जिनके हिस्से में यह मुकाम आता है।

मुकेश शर्मा ने कहा कि यह पर्व केवल उत्सव नहीं बल्कि बलिदान और संघर्ष की स्मृति है। स्वतंत्रता कोई उपहार नहीं थी – इसके लिए अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व अर्पित किया।

उन्होंने जीवन के महत्व और समय की क्षणभंगुरता पर एक गहन कविता के माध्यम से कहा, पल-पल जिसका इंतजार करते हैं, वह पल आता है लेकिन रुकता नहीं है। हम उसे रोकना चाहते हैं लेकिन वह हमारे लिए भी नहीं रुकता। इसलिए इस पल को पूरी गहराई से जीना चाहिए।

आयोजन की सराहना और आयोजनकर्ताओं को सलाम

मुकेश शर्मा ने ग्रेटर नोएडा उद्योग व्यापार मंडल की मेहनत और समर्पण की भी खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने आयोजन को “मिट्टी पर पानी से लिखी गई कविता” की उपमा देते हुए कहा: मिट्टी पर मिट्टी से लिखना आसान होता है, लेकिन मिट्टी पर पानी से लिखना असंभव सा कार्य है। ग्रेटर नोएडा उद्योग व्यापार मंडल ने यही असंभव कार्य कर दिखाया है।

उन्होंने चेयरमैन रवि बंसल के लिए कहा, आप वह दीपक हैं जिसकी लड़ाई अंधेरे से है। हवा तो बेवजह ही खिलाफ होती है। मैं तो हवा से भी कहता हूं, आज तक बहुत दीपक बुझाए हैं, इस बार एक दीपक जला कर तो देख!

पर्यावरण पर जागरूकता और समर्पण का संदेश

कार्यक्रम के अंत में मुकेश शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी से अपील की, अगर आपके घर में किसी का जन्मदिन है या कोई शुभ कार्य हो रहा है, तो उसके अवसर पर एक पौधा अवश्य लगाएं। पेड़ फल और फूल देते हैं, परेशानियाँ नहीं। जीवन देने वाले पेड़ों को पानी देना हमारा कर्तव्य है।

उन्होंने एक अत्यंत प्रभावशाली पंक्ति के माध्यम से कार्यक्रम को समर्पित किया, जिंदगी मिली है तो ऐसा कुछ लिखिए कि लोग पढ़ें, या ऐसा कुछ करिए कि लोग आपको लिखें।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और भारत माता की जयकारों के साथ हुआ। उपस्थित सभी अतिथियों ने आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन की अपेक्षा जताई। ग्रेटर नोएडा उद्योग व्यापार मंडल द्वारा आयोजित यह स्वतंत्रता दिवस समारोह न केवल देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहा, बल्कि सामाजिक चेतना, पर्यावरण संरक्षण और साहित्यिक अभिव्यक्ति का अनूठा संगम भी सिद्ध हुआ।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।