ITS इंजीनियरिंग कॉलेज में दीपावली मिलन समारोह की धूम, दीपों और रंगोलियों से सजा परिसर
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (07/11/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में 7 नवंबर 2026 को दीपावली के पावन अवसर पर हर्षोल्लास और उत्साह के साथ दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। समारोह का मुख्य उद्देश्य संस्थान परिवार के सदस्यों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारे, सौहार्द और सांस्कृतिक एकता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
दीपावली के मद्देनजर कॉलेज परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। रंग-बिरंगी रोशनी, पारंपरिक दीपों और खूबसूरत रंगोलियों ने पूरे परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पारंपरिक भारतीय परिधानों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए पर्व की खुशियां साझा कीं। समारोह के माध्यम से प्रेम, शांति, सद्भाव और सकारात्मकता का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) मयंक गर्ग ने कहा कि दीपावली मिलन समारोह संस्थान के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को एक साथ आने तथा आपसी खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान करता है। ऐसे आयोजन संस्थान में पारिवारिक जुड़ाव और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, आईटीएस द एजुकेशन ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. आर.पी. चड्ढा ने संस्थान के सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और नकारात्मकता पर सकारात्मकता की विजय का प्रतीक है। उन्होंने सभी से त्योहार को आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाने तथा जरूरतमंद लोगों के जीवन में भी खुशियों का प्रकाश फैलाने का आह्वान किया।
इसी क्रम में आईटीएस द एजुकेशन ग्रुप के उपाध्यक्ष श्री सोहेल चड्ढा ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों को समझना एवं अपनाना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए सभी से सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से दीपावली मनाने की अपील की।
समारोह का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जहां संस्थान परिवार के सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस आयोजन ने कॉलेज परिसर में उल्लास, सकारात्मक ऊर्जा और आपसी सौहार्द का वातावरण बनाया। साथ ही, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय और संस्थान के प्रति जुड़ाव को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।