GIIMS में इलाज नहीं, शूटिंग! | आरोपों पर क्या बोले निदेशक ब्रिगेडियर डॉ राकेश गुप्ता?

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (06 जुलाई 2025): ग्रेटर नोएडा के कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIIMS) में शुक्रवार को उस समय हंगामे जैसे हालात बन गए जब ओपीडी समय के दौरान इलाज के बजाय फिल्म शूटिंग होती नजर आई। रजिस्ट्रेशन काउंटर के गेट को बंद कर अस्पताल परिसर को अस्थायी रूप से एयरपोर्ट का लुक दे दिया गया। गेट के बाहर “टर्मिनल 3” और “डिपार्चर” नामक बोर्ड लगाए गए थे और लोहे की बैरिकेटिंग करके मरीजों की आवाजाही रोक दी गई। इसके चलते मरीजों और तीमारदारों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद, मरीजों ने लगाए आरोप

इस दौरान रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद होने के कारण मरीजों को पर्ची बनवाने और डॉक्टर से मिलने में दिक्कत हुई। इलाज कराने आई एक महिला ने मीडिया को बताया कि उन्हें काफी देर तक बाहर इंतजार करना पड़ा और कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई कि गेट क्यों बंद है। वहीं कई अन्य तीमारदारों ने भी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल में इलाज के समय शूटिंग करना बेहद गैरजिम्मेदाराना है।

अस्पताल की इमारत बना ‘एयरपोर्ट’

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अस्पताल की इमारत पर एयरपोर्ट जैसा माहौल बनाने के लिए दो जगह बोर्ड लगाए गए थे और सेटअप में 8-10 लोग अपने कैमरे व अन्य शूटिंग सामान के साथ मौजूद थे। सुरक्षा के मद्देनजर दो गार्डों को भी तैनात किया गया था जो ऑटो से आने वाले मरीजों और तीमारदारों को गेट पर ही रोक रहे थे।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद सवाल उठ रहे हैं कि जब सामान्य दिन पर ओपीडी चल रही हो, उस दौरान शूटिंग की इजाजत किसने दी? क्या सरकारी अस्पताल जैसी सार्वजनिक जगहों पर आम जनता की सुविधा से समझौता कर शूटिंग की अनुमति दी जा सकती है?

क्या बोले GIIMS के निदेशक?

हालांकि जिम्स के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ राकेश गुप्ता (Dr Rakesh Gupta) ने टेन न्यूज़ नेटवर्क से बातचीत में इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि “ओपीडी सामान्य रूप से चल रही थी और सिर्फ एक सीमित हिस्से में कम समय के लिए शूटिंग की गई थी।” उन्होंने दावा किया कि “किसी भी मरीज या तीमारदार को कोई असुविधा नहीं हुई और सभी द्वार खुले थे।”

फिलहाल यह मामला चर्चा में बना हुआ है और लोगों के मन में अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।