नोएडा में नकली पनीर फैक्ट्री का भंडाफोड़: 14 क्विंटल जहरीला पनीर, 4 आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क
नोएडा, (29 जून 2025): गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के थाना सेक्टर-63 पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय नकली पनीर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 14 क्विंटल अपमिश्रित (कृत्रिम) पनीर बरामद किया है। इस मामले में चार अभियुक्त गिरफ्तार किए गए हैं और बड़ी मात्रा में पनीर बनाने वाला खतरनाक केमिकल, पाउडर, तेल और उपकरण बरामद किए गए हैं।

गोपनीय सूचना पर कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि यूपी 81 ईटी 8564 महिंद्रा पिकअप में भारी मात्रा में नकली पनीर एनसीआर में सप्लाई किया जा रहा है। मौके पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चालक गुलफाम को पकड़ा और उसकी निशानदेही पर अलीगढ़ के सहजपुरा गांव स्थित प्लांट से अफशर, गुड्डू उर्फ रहीश समेत तीन और लोगों को गिरफ्तार किया।

खतरनाक सामग्री से बन रहा था नकली पनीर
बरामद सामग्री में रेड बुल सॉर्टेक्स क्लीन बीन्स, धौलपुर फ्रेश स्किम्ड मिल्क पाउडर, न्यूट्री लिव रिफाइंड ऑयल, सफेद पोस्टर कलर, और केमिकल मिश्रण शामिल हैं, जो मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर रूप से हानिकारक हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि यह पनीर न केवल नकली है बल्कि इसके सेवन से गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।

ऐसे बनता था नकली पनीर:
रेड बुल बीन्स को पानी में उबालकर उसमें पोस्टर कलर और कैमिकल मिलाया जाता था जिससे वह फटकर पनीर जैसी बनावट ले लेता। इसी तरह मिल्क पाउडर को भी फाड़कर उसमें रिफाइंड ऑयल मिलाया जाता ताकि वह असली जैसा लगे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।