नोएडा ओल्ड एज होम में इंसानियत शर्मसार: महिला आयोग की छापेमारी में उजागर हुई अमानवीय स्थिति!

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नोएडा, (27 जून 2025): नोएडा के सेक्टर-55 स्थित आनंद निकेतन वृद्धाश्रम में शुक्रवार को राज्य महिला आयोग, नोएडा पुलिस, समाज कल्याण विभाग और जिला प्रोबेशन कल्याण विभाग ने संयुक्त छापेमारी कर 39 बुजुर्गों को दयनीय स्थिति से रेस्क्यू किया। बुजुर्गों को कपड़े में बांधकर कमरों में बंद रखा गया था और कई पुरुष तहखाने जैसे अंधेरे कमरों में निर्वस्त्र हालात में कैद थे।

राज्य महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला ने बताया कि छापेमारी के वक्त एक बुजुर्ग महिला के हाथ बंधे हुए मिले। वीडियो वायरल होने के बाद लखनऊ मुख्यालय से निर्देश आने पर यह गुप्त कार्रवाई की गई। बुजुर्गों की हालत देखकर टीमें स्तब्ध रह गईं – कई महिलाएं अधोवस्त्रों में थीं और अधिकांश के कपड़े गंदगी में सने थे।

आश्रम में न कोई प्रशिक्षित स्टाफ था और न ही कोई देखरेख करने वाला। एकमात्र महिला जिसने खुद को ‘नर्स’ बताया, उसकी शैक्षणिक योग्यता महज बारहवीं निकली। बुजुर्गों को अपनी दैनिक क्रियाएं खुद ही करनी पड़ रही थीं।

खुलासा हुआ है कि इस वृद्धाश्रम में एक बुजुर्ग को रखने के लिए 2.5 लाख रुपये डोनेशन के तौर पर वसूले जाते थे और हर माह ₹6000 की अतिरिक्त फीस ली जाती थी। हैरानी की बात यह भी रही कि इनमें कई बुजुर्ग नोएडा के अमीर परिवारों से ताल्लुक रखते हैं, लेकिन जब उनसे संपर्क किया गया तो उन्होंने सब कुछ ठीक होने की बात कही।

रेस्क्यू किए गए सभी बुजुर्गों को दो से तीन दिन के भीतर सरकारी ओल्ड ऐज होम में शिफ्ट किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और संबंधित प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत मिले हैं।।

इस विषय को लेकर वृद्ध आश्रम से बातचीत करने का प्रयास किया गया है। जल्द ही उनका बयान प्राप्त होने के बाद उस पहलू को भी खबर में शामिल किया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।