नोएडा प्राधिकरण की सील तोड़कर फिर शुरू किया निर्माण, दो पर केस दर्ज

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा, (24 जून 2025): वाजिदपुर गांव की अधिग्रहित जमीन पर नोएडा प्राधिकरण द्वारा की गई सीलिंग को तोड़कर दोबारा अवैध निर्माण कार्य शुरू करना दो आरोपियों को भारी पड़ गया। इस गंभीर मामले में सेक्टर-49 थाना पुलिस ने दो नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। शिकायत नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-9 में तैनात अवर अभियंता हरेंद्र सिंह मलिक ने दी थी।

मामला वाजिदपुर गांव की खसरा संख्या 111, 113 और 107 से जुड़ा है, जो पहले ही नोएडा प्राधिकरण द्वारा अर्जित की जा चुकी हैं। जानकारी के मुताबिक, इन जमीनों पर बिना अनुमति निर्माण हो रहा था, जिसे प्राधिकरण ने 2 अप्रैल 2025 को सील कर दिया था। साथ ही संबंधित क्षेत्र के एसीपी को भी अवैध निर्माण को रोकने के लिए पत्र भेजा गया था।

इसके बावजूद आरोपियों ने सील तोड़कर दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-108 डी-ब्लॉक निवासी संजय सिंह चौहान और पूर्वी दिल्ली के अशोक विहार निवासी सुनील कुमार भड़ाना ने मिलकर यह गैरकानूनी काम किया। आरोप है कि दोनों अन्य लोगों के साथ मिलकर दोबारा निर्माण में जुटे हुए थे।

अब इनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच कर रही है कि इस अवैध कार्य में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इससे पहले भी रविवार को अवर अभियंता मलिक की शिकायत पर प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि पर अवैध कब्जा और निर्माण के आरोप में पांच अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।

लगातार हो रहे ऐसे मामलों से यह साफ हो गया है कि प्राधिकरण की भूमि पर अवैध निर्माण की प्रवृत्ति बढ़ रही है। इस पर रोक लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन अब सख्त रवैया अपनाए हुए हैं। नोएडा प्राधिकरण ने दोहराया है कि अधिग्रहित जमीन पर किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।