दिल्ली: इजरायली दूतावास के बाहर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुलिस ने किया रिहा
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (24 जून 2025): फिलिस्तीन के समर्थन में दिल्ली स्थित इजरायली दूतावास के बाहर प्रदर्शन कर रहे 30 से अधिक प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लेने के आठ घंटे बाद रिहा कर दिया। ये सभी प्रदर्शनकारी इंडियन पीपुल्स इन सॉलिडरिटी विद फिलिस्तीन (IPSP) से जुड़े छात्र और नागरिक थे, जिन्हें सोमवार शाम चार बजे मंदिर मार्ग थाने लाया गया था। पुलिस की कार्रवाई को लेकर छात्रों में गहरा रोष था और उन्होंने इसे शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का हनन बताया।
प्रदर्शनकारियों की रिहाई से पहले मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन के भीतर और बाहर आधी रात के बाद तक प्रदर्शन चलता रहा। बड़ी संख्या में छात्र, नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता थाने के बाहर जमा होकर हिरासत में लिए गए लोगों की तुरंत रिहाई की मांग करने लगे। इस दौरान अंदर मौजूद छात्रों ने बताया कि एक बीमार लड़की को समय पर दवा और खाना नहीं मिल पा रहा था, जो छतरपुर में रह रही है। हिरासत में रखे गए अन्य लोगों ने भी पुलिस की बेरुखी और लंबी अवैध हिरासत पर चिंता जताई।
IPSP की ओर से जारी बयान में कहा गया कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने वाले लोगों को अवैध रूप से सात घंटे से अधिक समय तक हिरासत में रखना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। संगठन ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने दबाव में आकर कार्यकर्ताओं को रिहा किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की दमनात्मक कार्रवाइयों से लोकतांत्रिक आवाज़ों को कुचला नहीं जा सकता, बल्कि इससे प्रतिरोध और मज़बूत होगा।
IPSP और अन्य समर्थक संगठनों ने फिलिस्तीनी जनता के संघर्ष को न्याय और आज़ादी की प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि फिलिस्तीनी लोगों की अमर लड़ाई आज दुनिया भर में उत्पीड़न और अन्याय के खिलाफ खड़े होने वाले आम लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है। प्रदर्शनकारियों ने वादा किया कि वे इस मुक्ति संघर्ष के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।